– कलेक्टर के आदेश के बाद भी जिम्मेदार नहीं दे रहे ध्यान
– पंचायतों की मिली भगत से फल फुल रहे भूमाफिया, जानकारी होने के बाद भी जारी नहीं करते नोटिस
– अवैध कॉलोनियों के खिलाफ जावरा विधायक डॉ पाण्डेय विधानसभा में भी उठा चुके है आवाज
जावरा। नगर पालिका परिषद जावरा की सीमा से लगी ग्राम पंचायतों की जमीनों पर भूमाफिया अपना खेल दिखा रहे हैं, ग्रामीण अंचलों में कोडिय़ों की जमीन लेकर उससे करोड़ों का माल छाप रहे हैं, जिला कलेक्टर के प्रतिबंध के बावजूद भी भूमाफिया ग्रामीण सीमाओं में अवैध कॉलोनियां काटने से नहीं कतरा रहे हैं, ऐसा नहीं है कि इन नई कट रही अवैध कॉलोनियों की जानकारी पंचायतों के जवाबदारों और अन्य जवाबदारों को नहीं हैं, इन कॉलोनियों की जानकारी उनके पास हैं, इसके बाद भी अवैध कॉलोनियों का कटना नहीं रुक रहा हैं। वर्तमान में भी कई जावरा की सीमा से लगे गांवों में कई कॉलोनियां कट रही हैं, ग्रामीण सीमाओं में कटने वाली कॉलोनियों की जानकारी संबंधित ग्राम पंचायत से लेकर नपा के जवाबदारों को भी हैं। लेकिन इन पर कार्रवाई नहीं हो पा रही हैं। जावरा की ग्रामीण सीमाओं में कहां कहां पर अवैध कॉलोनी कट रही हैं, इससे हम आपको रुबरु करवाते हैं।
ग्राम पंचायतों की जमीन को औने पौने दाम पर खरीदकर भूमाफिया उस पर बगैर कॉलोनी एक्ट की प्रावधानों का पालन लिए प्लाट काट रहे हैं, जमीन पर सीसी रोड़ निर्माण कर लोगों को ऊचें दामों पर बगैर मुलभूत सुविधाएं मुहैया करवाए प्लाट बैच देते हैं और तो और इन प्लाटों की रजिस्ट्री भी हो जाती हैं। जबकि अवैध कॉलोनियों में रजिस्ट्री पर बेन लगा हुआ हैं, इसके बाद इन कॉलोनियों के प्लाटों का सौदा करवाने वाले ब्रोकर ग्राहकों को इन अवैध कॉलोनियों में प्लाट दिलवा देते हैं। शहर के अंदर भी कई अवैध और अविकसित कॉलोनियां मौजुद हैं, जिसमें मुलभूत सुविधाओं को लेकर विधायक डॉ राजेन्द्र पाण्डेय विधानसभा में सवाल कर चुके हैं। जिसके बाद मामले में कई कॉलोनाईजरों पर एफआईआर भी दर्ज हुई, लेकिन इसके बाद भी अब तक कई कॉलोनियों में विकास कार्य नहीं हुए हैं। इतना ही नहीं अवैध कॉलोनियों और ग्रामीण सीमावर्ती कॉलोनियों में नामांंतरण और निर्माण अनुमति पर भी प्रशासन ने बेन लगा दिया था। लेकिन इसके बाद भी लगातार कॉलोनियां कट रही हैं।
सेजावता में दशहरा मैदान के पास कटी कॉलोनी –
जावरा से लगे ग्राम सेजावता में दशहरा मैदान के समीप एक ऐसी ही छोटी कॉलोनी कटी हैं, जिसमें कॉलोनाईजर ने बीच में सीसी रोड़ डालकर आसपास प्लाट काटकर उस पर बकायदा प्लाट की नंबरिग कर रखी हैं। ग्रामीणों के अनुसार यह कॉलोनी कुछ समय पूर्व ही कटी हैं। इस कॉलोनी में केवल सडक़ ही बनी हैं, पेयजल और ड्रेनेज की सुविधा नहीं हैं। मुख्य मार्ग पर स्थित मैदान से लगी इस कॉलोनी की जानकारी पंचायत से लेकर जिम्मेदारों तक भी हैं, लेकिन अब तक इस पर कार्रवाई नहीं हो पाई हैं।


