– रतलाम पुलिस का अल्टीमेट एक्शन, चोरी के रास्तों पर एंबुस, दलालों पर भी कसी नकेल
– पुलिस का सख्त पहरा, ग्रामीण भी बने प्रहरी
जावरा/रतलाम। जिले में कंजर गिरोहों की बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर अब पुलिस ने निर्णायक प्रहार शुरू कर दिया है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर जिले के सभी थाना प्रभारियों को हाई अलर्ट मोड में रखा गया है। चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए कंजरों के संभावित आवागमन मार्गों पर एंबुस प्वाइंट, नाकाबंदी और विशेष गश्त शुरू कर दी गई है।
इसी अभियान के तहत आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता से सुनने और अपराधियों के नेटवर्क को तोडऩे के लिए गांव-गांव जनसंवाद आयोजित किए जा रहे हैं। रतलाम पुलिस द्वारा लगातार ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी शिकायतें, आशंकाएं और सुझाव मौके पर ही दर्ज कर त्वरित कार्रवाई की जा रही है।
ग्रामीणों से सीधा संवाद, कंजर नेटवर्क पर खुली चर्चा –
इसी कड़ी में एसपी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) विवेककुमार लाल एवं एसडीओपी जावरा संदीप मालवीय ने थाना रिंगनोद क्षेत्र के ग्राम रीछा गुर्जर एवं ग्राम रोला में पहुंचकर ग्रामीणों से खुला संवाद किया। बैठक में कंजरों द्वारा की जा रही चोरी की घटनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कंजर गिरोहों के आने-जाने वाले सभी मार्गों पर 24म7 निगरानी रखी जा रही है। चेकिंग पॉइंट और एंबुस लगाकर संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है। कंजरों को संरक्षण देने वाले दलालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जा चुकी है। भविष्य में किसी भी नई जानकारी पर और भी कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
रात में पुलिस का सख्त पहरा, ग्रामीण भी बने सुरक्षा प्रहरी –
थाना रिंगनोद पुलिस द्वारा क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए रात्रिकालीन विशेष गश्त संचालित की जा रही है। ग्राम रोला में ग्रामीणों एवं ग्राम रक्षा समिति के सदस्यों द्वारा पुलिस को लगातार सहयोग दिया जा रहा है, जिससे अपराधियों में डर और आमजन में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हुआ है।
रतलाम पुलिस का दो टूक संदेश –
कंजर गिरोहों, उनके मददगारों और दलालों के लिए अब जिले में कोई जगह नहीं है। कानून तोडऩे वालों पर सख्त से सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। रतलाम पुलिस आमजन की सहभागिता से अपराधमुक्त और सुरक्षित वातावरण बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सतत गश्त, गांव-गांव जनसंवाद और कठोर कानूनी कार्रवाई के जरिए जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है।

०००००००००००००००००००
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

