– रोला में उमड़ा ग्रामीण जनसैलाब, शेरपुर का पुलिस को अल्टीमेटम
– 5 दिन में चोरियां बंद हों, वरना थानों से लेकर डेरों तक होगा घेराव
जावरा। जावरा और पिपलोदा अंचल के ग्रामीण इलाकों में सक्रिय कंजर गिरोहों की बढ़ती चोरियों ने अब किसानों का सब्र तोड़ दिया है। चोरी, फिरौती और हफ्ता वसूली से त्रस्त सैकड़ों ग्रामीणों ने ग्राम रोला में करणी सेना परिवार प्रमुख जीवन सिंह शेरपुर के नेतृत्व में एकजुट होकर इन गिरोहों के खिलाफ खुला मोर्चा खोल दिया।
बैठक में रोला, सुजानपुरा, नेतवाली, गोंदीधर्मशी, मोरिया, रनायरा गुज्जर, रीछा गुर्जर, रिंगनोद सहित आसपास के कई गांवों के किसान और ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए। ग्रामीणों ने बताया कि राजस्थान के चोमला, पाटन और टोकड़ा क्षेत्रों में बसे कुछ कंजर डेरों से संचालित गिरोह यहां धावा बोल रहे हैं। विद्युत मोटर, मोटरसाइकिल, ट्रैक्टर, गाय-भैंस जैसी कीमती संपत्ति चुराई जा रही है और फिर दलालों के माध्यम से मोटी फिरौती वसूली जा रही है। कई स्थानों पर चोरी न करने के बदले अनाज और नकद हफ्ता भी मांगा जा रहा है। हफ्ता नहीं देने पर मारपीट और लूट की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है।
पुलिस की भूमिका पर भी उठ रहे सवाल –
ग्रामीणों ने पुलिस की भूमिका पर भी गंभीर सवाल खड़े किए। लोगों का कहना है कि थानों में शिकायत देने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती। एक किसान ने अपनी पीड़ा बताते हुए कहा कि उसकी वर्षों की कमाई से खरीदी गाड़ी चोरी हो गई, लेकिन थाने में उसे यह कहकर टाल दिया गया, हम तेरी गाड़ी की रखवाली करेंगे क्या? ऐसे व्यवहार से आहत ग्रामीणों का आक्रोश अब उबाल पर है।
शेरपुर ने दिया 5 दिन का अल्टीमेटम –
इस मौके पर करणी सेना परिवार प्रमुख जीवन सिंह शेरपुर ने दो टूक शब्दों में कहा कि अब गांवों को लूट के हवाले नहीं छोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा, डरने की कोई जरूरत नहीं है, मैं आपके साथ खड़ा हूं। हमें पता है चोरियां कौन कर रहा है। यदि जरूरत पड़ी तो मैं खुद आपके साथ कंजरो के डेरों तक जाऊंगा। पुलिस को पांच दिन का अल्टीमेटम है, अगर चोरियां बंद नहीं हुईं तो हम कलेक्टर कार्यालय से लेकर थानों और कंजर डेरों तक घेराव करेंगे। मुख्यमंत्री तक यह आवाज पहुंचेगी। शेरपुर ने चेतावनी दी कि यदि हालात नहीं बदले तो यह संघर्ष व्यापक आंदोलन में बदला जाएगा। उनकी हुंकार से उत्साहित होकर सैकड़ों ग्रामीणों ने करणी सेना के साथ एकजुट होकर अपराध के खिलाफ आर-पार की लड़ाई लडऩे का संकल्प लिया। सीमावर्ती इलाकों से आने वाले कंजर गिरोहों की गतिविधियों और पुलिस की कथित निष्क्रियता लंबे समय से चर्चा में रही है। रोला में हुई इस बड़ी बैठक के बाद क्षेत्र में उम्मीद जगी है कि अब वर्षों से चली आ रही लूट, फिरौती और दहशत का यह खेल जल्द खत्म होगा।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

