– भामाशाहो का हुआ सम्मान, करुणा योजना को सराहा
जावरा। जैन सोशल ग्रुप (JSG) नवकार द्वारा बुधवार को जैन दादावाड़ी, जावरा में आयोजित भव्य पारिवारिक आयोजन अत्यंत उल्लास, उत्साह और आत्मीय वातावरण में संपन्न हुआ। इस आयोजन में समाज के सभी वर्गों — बच्चों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठजनों ने अपने परिवारों के साथ सहभागिता कर इसे यादगार बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, सामूहिक नृत्य, नाटक एवं रचनात्मक गतिविधियाँ आकर्षण का केंद्र रहीं। बच्चों और युवाओं की मनमोहक प्रस्तुतियों ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया, वहीं महिलाओं एवं वरिष्ठजनों की सक्रिय भागीदारी ने आयोजन को गरिमा और परिपक्वता प्रदान की। पूरा वातावरण पारिवारिक एकता, संस्कारों और सामाजिक सौहार्द से ओतप्रोत दिखाई दिया।
करुणा योजना बनी आयोजन की आत्मा, भामाशाहों का हुआ सम्मान –
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा करुणा योजना के अंतर्गत आयोजित जीवदया एवं मानव सेवा सम्मान समारोह। इस अवसर पर समाज में करुणा और सेवा भाव को सशक्त करने वाले दानदाताओं को नवकार जीव दया रत्न अवार्ड से सम्मानित किया गया। इस पहल ने सेवा और संवेदनशीलता को समाज के समक्ष एक प्रेरणादायी उदाहरण के रूप में प्रस्तुत किया।
अतिथियों ने सराहा नवकार का सेवा संकल्प –
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जैन सोशल ग्रुप के आगामी अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष मनीष कोठारी ने नवकार द्वारा किए जा रहे जीवदया एवं मानव सेवा कार्यों की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए कहा कि करुणा योजना जैसे प्रयास समाज में मानवीय संवेदनाओं को जीवंत रखते हैं। पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष अजित ललवानी ने नवकार परिवार को इस भव्य एवं अनुकरणीय आयोजन के लिए बधाई दी। सुभाष वन्यायक्या (इंदौर) ने आयोजन की सुव्यवस्था और अनुशासन को प्रशंसनीय बताया। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनिल दसैड़ा ने इसे सामाजिक समरसता को मजबूत करने वाला आयोजन कहा। मंडी व्यापारी संघ अध्यक्ष अजित चत्तर ने सेवा योजनाओं की निरंतरता पर बल दिया, जेएसजी मध्यप्रदेश ज़ोन अध्यक्ष राहुल चपड़ोद ने संगठनात्मक एकता को समाज की प्रगति का आधार बताया।
टीमवर्क से सफल हुआ आयोजन –
नवकार अध्यक्ष हर्षित पगारिया एवं मुख्य संयोजक नरेंद्र काठेड ने बताया कि आयोजन को सफल बनाने में सहसंयोजक दिनेश भंडारी, सुमित दसैड़ा, रवि लुनिया एवं गौरव लूनिया का विशेष योगदान रहा। पूर्व अध्यक्ष मनोज मेहता, सचिव आयुष चोरडिया, कोषाध्यक्ष, ज़ोन चेयरमैन मनोज मेहता सहित नवकार के समस्त पदाधिकारियों एवं सदस्यों की सक्रिय सहभागिता से आयोजन अत्यंत सफल रहा।
30 सेवा योजनाओं की जानकारी देकर संजय आंचलिया ने बढ़ाया गौरव –
ग्रुप के संस्थापक अध्यक्ष संजय आंचलिया ने करुणा योजना के अंतर्गत संचालित 30 सेवा योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी तथा आयोजन को भव्यता प्रदान करने के लिए समस्त अतिथियों, गणमान्य नागरिकों एवं नवकार परिवार का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का कुशल एवं प्रभावी संचालन शशि सिसोदिया ने किया। कार्यक्रम की जानकारी करुणा योजना संयोजक सुभाष टुकडिय़ां ने दी।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

