– राष्ट्रीय युवा दिवस पर सैकड़ों विद्यार्थियों ने किया सामूहिक सूर्य नमस्कार,
– योग विशेषज्ञ सुहानी सुराना ने दिया स्वस्थ व सशक्त जीवन का संदेश
जावरा। देशभर में स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर मनाए जा रहे राष्ट्रीय युवा दिवस के तहत जावरा पब्लिक स्कूल परिवार द्वारा विद्यालय प्रांगण में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों में योग, अनुशासन एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति चेतना जागृत करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत कक्षा 3री से 11वीं तक के विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से सूर्य नमस्कार एवं विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास किया। नगर की सुप्रसिद्ध योग विशेषज्ञ सुहानी सुराना विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। इसके पश्चात विद्यालय के प्राचार्य पियूष मूणत द्वारा योग विशेषज्ञ का पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया गया। तत्पश्चात सुहानी सुराना ने विद्यार्थियों को सूर्य नमस्कार की विभिन्न मुद्राओं, श्वसन क्रिया एवं योग के महत्व को विस्तार से समझाते हुए अभ्यास कराया।
बच्चों ने किया सामूहिक सूर्य नमस्कार-
योगाभ्यास के दौरान विद्यार्थियों ने विशेषज्ञ के मार्गदर्शन में सामूहिक रूप से सूर्य नमस्कार करते हुए योग के शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक लाभों को जाना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर योग विशेषज्ञ श्रीमती सुराना ने कहा कि श्वसन हमारे जीवन की सबसे महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। बाल्य एवं किशोर अवस्था में लचीलापन, एकाग्रता और आत्म नियंत्रण का विकास अत्यंत आवश्यक होता है, जो नियमित योग से संभव है। योग अध्ययन क्षमता, आत्मविश्वास और मानसिक संतुलन को भी सुदृढ़ करता है। संस्था के डायरेक्टर श्री कमल मूणत ने कहा कि स्वामी विवेकानंद का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके विचार युवाओं को आत्मविश्वास, लक्ष्यबोध और राष्ट्र के प्रति कर्तव्य का बोध कराते हैं। उनके आदर्शों पर चलकर ही एक सशक्त और समृद्ध भारत का निर्माण संभव है।
स्वामी जी के विचारों से जोडऩे का अवसर हैं युवा दिवस –
विद्यालय के प्राचार्य पियूष मूणत ने कहा कि राष्ट्रीय युवा दिवस युवाओं को स्वामी विवेकानंद के आदर्शों से जोडऩे का अवसर है। आज की आवश्यकता है कि विद्यार्थी नैतिक मूल्यों, एकता, अनुशासन और सकारात्मक सोच को अपने जीवन में अपनाएं। गुणवत्तापूर्ण एवं कौशल आधारित शिक्षा से ही भावी पीढ़ी राष्ट्र निर्माण में प्रभावी भूमिका निभा सकती है। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

