– रंग-बिरंगी गतिविधियों, स्वादिष्ट ट्रीट और शिक्षकों के स्नेहिल मार्गदर्शन के बीच बच्चों ने खेल-खेल में सीखा प्रकृति से जुडऩे का संदेश
जावरा। बारिश की रिमझिम फुहारों के बीच जावरा स्थित जेपीएस किड्स में प्री-प्राइमरी (नर्सरी, एलकेजी एवं यूकेजी) के विद्यार्थियों के लिए आयोजित “मानसून संग मस्ती के रंग” थीम पर आधारित मानसून पार्टी उत्साह और उल्लास के साथ संपन्न हुई। पूरे विद्यालय परिसर में बच्चों की खिलखिलाहट, संगीत की मधुर धुनों और वर्षा ऋतु के रंगों ने मनमोहक वातावरण बना दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों की आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों से हुई। इसके बाद नन्हे विद्यार्थियों ने वॉटर गेम्स, मडी प्ले, कार वॉशिंग एक्टिविटी, क्लाउड कलरिंग और विभिन्न रंग भरने की गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों ने खेल-खेल में सीखने के साथ प्रकृति से जुडऩे और अपनी रचनात्मक प्रतिभा को निखारने का अवसर प्राप्त किया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने स्वादिष्ट व्यंजनों (टेस्टी ट्रीट) का भी आनंद लिया।
डायरेक्टर और प्राचार्य ने किया उत्साहवर्धन –
इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर कमल मूणत एवं प्राचार्य डॉ. पीयूष मूणत भी बच्चों के बीच पहुंचे और उनके साथ विभिन्न गतिविधियों में शामिल होकर उत्साहवर्धन किया। डायरेक्टर कमल मूणत ने कहा कि बचपन की सबसे बड़ी पहचान उसकी निश्छल मुस्कान और उत्साह है। ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ उनमें प्रकृति के प्रति प्रेम, आत्मविश्वास और सामाजिक सहभागिता की भावना विकसित करते हैं।
शिक्षा के साथ संस्कारों का आंगन हैं स्कूल –
वहीं प्राचार्य डॉ. पीयूष मूणत ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा देने का स्थान नहीं, बल्कि खुशियों, अनुभवों और संस्कारों का आँगन भी है। प्रारंभिक शिक्षा में खेल-खेल के माध्यम से सीखना सबसे प्रभावी तरीका है, जो बच्चों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय की समस्त शिक्षिकाओं ने सक्रिय योगदान दिया। उनके स्नेह, रचनात्मक प्रयासों और मार्गदर्शन से यह मानसून पार्टी बच्चों के लिए हँसी, उमंग और यादगार पलों से भरपूर एक अविस्मरणीय उत्सव बन गई।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

