जावरा। पिपलौदा तहसील के ग्राम सोहनगढ़ निवासी उन्नत कृषक रामचन्द्र पाटीदार (बकानिया) ने किसानों से रासायनिक खेती छोड़कर जैविक खेती अपनाने की सशक्त अपील की है। वे पिछले 50 वर्षों से आकाशवाणी इंदौर और दूरदर्शन दिल्ली के माध्यम से देशभर के किसानों को कृषि संबंधी मार्गदर्शन देते आ रहे हैं और प्राकृतिक खेती के प्रबल समर्थक माने जाते हैं।
पाटीदार ने कहा कि आज अधिक उत्पादन की अंधी दौड़ में किसान अत्यधिक रसायनिक खाद और जहरीली कीटनाशक दवाओं का उपयोग कर रहे हैं, जिससे न केवल मिट्टी की उर्वरता नष्ट हो रही है बल्कि पर्यावरण भी गंभीर रूप से प्रदूषित हो रहा है। इसका सीधा असर मानव स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। छोटे बच्चों से लेकर युवाओं तक में कैंसर, हाई ब्लड प्रेशर, शुगर जैसी घातक बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि हम जैविक अनाज जैसे गेहूं, दालें, सब्जियां उगाएंगे और स्वयं भी जैविक भोजन अपनाएंगे, तो हम स्वस्थ रहेंगे, हमारा परिवार स्वस्थ रहेगा, गांव स्वस्थ रहेगा और अंतत: देश भी स्वस्थ और सुरक्षित बनेगा। पाटीदार ने किसानों से आग्रह किया कि वे रसायनमुक्त खेती की ओर लौटें, जिससे आने वाली पीढय़िों को सुरक्षित वातावरण और शुद्ध भोजन मिल सके।
गौ सेवा और हवन पूजन के साथ मनाएंगे जन्मदिन –
इसी जनकल्याणकारी सोच के साथ पाटीदार 1 जनवरी 2026 को अपना 74 वां जन्मदिन तवरीता गौ तीर्थ, गौशाला उपरवाड़ा में प्रात: 10 बजे गायत्री यज्ञ एवं गौ माता की सेवा के साथ मनाएंगे। इस अवसर पर गौ सेवा, यज्ञ और जैविक खेती के संदेश के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और मानव स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश भी देंगे।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

