– मूणत समूह के संस्थापक स्व. समीरमलजी मूणत की जयंती पर आयोजित महादान शिविर में स्टाफ, अभिभावकों व छात्रों की उत्साही भागीदारी
जावरा। मानव सेवा को समर्पित एक अद्भुत पहल के रूप में जावरा पब्लिक स्कूल में सोमवार 01 दिसम्बर 2025 को भव्य रक्तदान-महादान शिविर सफलतापूर्वक आयोजित हुआ। यह आयोजन मूणत ग्र्रुप के संस्थापक स्व. समीरमलजी मूणत की जयंती की पावन स्मृति को समर्पित रहा। शिविर में कुल 120 यूनिट रक्त संग्रह कर एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की गई, जिसमें लगभग 30 यूनिट महिलाओं द्वारा रक्तदान किया जाना विशेष रहा।
शिविर की शुरुआत स्कूल प्रबंधन, स्टाफ व अतिथियों द्वारा संस्थापक स्व. समीरमलजी मूणत के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से हुई। रोटरी क्लब ऑफ रतलाम सेंट्रल और मेडिकल कॉलेज रतलाम की टीम का पुष्पमालाओं से स्वागत-सत्कार किया गया। आयोजन का सफल संचालन स्कूल प्रबंधन द्वारा किया गया। प्राचार्य पियूष मूणत एवं डायरेक्टर विनोद मूणत ने स्वयं रक्तदान कर सभी रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाया। अभिभावकगण भी बड़ी संख्या में आगे आए और मानव सेवा के इस कार्य में सहभागी बने। रक्तदाताओं को धन्यवाद स्वरूप उपहार, पुष्प-प्रमाणपत्र भेंट किए गए और सभी ने उत्साहपूर्वक सेल्फी स्टैंड पर स्मरणीय तस्वीरें लीं।
18 वर्षीय वैभव ने किया पहला रक्तदान –
इस शिविर का प्रेरणादायक क्षण रहा-18 वर्षीय वैभव, कक्षा 12वीं के छात्र द्वारा अपने जीवन का पहला रक्तदान, जिसने युवाओं में मानवीय सेवा का संदेश दिया। डायरेक्टर विनोद मूणत ने रक्तदान के स्वास्थ्य लाभ बताते हुए कहा कि नियमित रक्तदान से हृदय रोगों का खतरा कम होता है, शरीर में नई रक्त कोशिकाएं बनती हैं और आयरन लेवल नियंत्रित रहता है। यह स्वास्थ्य जांच और कैलोरी बर्न में भी सहायक है। उन्होंने ऐसे आयोजनों में नियमित भागीदारी को समाज व युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक बताया।
रक्तदान मानवसेवा का महत्वपूर्ण अंग –
डायरेक्टर श्री कमल मूणत ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा दान है, जिससे सीधे जीवन बचते हैं। बढ़ती बीमारियों के दौर में ऐसे आयोजनों का महत्व और बढ़ जाता है। प्राचार्य श्री पियूष मूणत ने बताया कि रक्तदान मानव सेवा का अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है और हर स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए। ऐसे आयोजन छात्रों के दृष्टिकोण को भी सकारात्मक दिशा देते हैं।
विद्यार्थियों को दी रक्तदान से जुड़ी वैज्ञानिक जानकारी –
शिविर में मेडिकल कॉलेज की डॉक्टर टीम व रोटरी क्लब सदस्यों ने कक्षा 11वीं व 12वीं के छात्रों को रक्तदान से जुड़ी वैज्ञानिक एवं चिकित्सीय जानकारियां भी प्रदान कीं। विद्यार्थियों के प्रश्नों का समाधान कर उन्हें विभिन्न प्रक्रियाओं से अवगत कराया गया। रोटरी क्लब ऑफ रतलाम सेंट्रल, स्व. श्री लक्ष्मीनारायण पाण्डेय मेडिकल कॉलेज रतलाम की टीमों ने मिलकर पूरे शिविर की चिकित्सा व्यवस्था सुचारू रूप से संभाली। रोटरी क्लब अध्यक्ष अमृतजी माण्डोत, प्रवीणजी रामावत, अखिलेशजी गुप्ता, यशवंतजी पावेचा, ललितजी कांठेड़, विनोदजी मूणत सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे। जावरा पब्लिक स्कूल का यह सफल आयोजन न केवल मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करता है, बल्कि समाज को एक प्रेरक संदेश भी देता है— रक्तदान महादान, जीवन बचाने का महान अभियान।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

