– शौर्य यात्रा में संतों का ओजस्वी संबोधन, जय श्रीराम और वंदे मातरम् से गूंज उठा नगर
जावरा। विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल द्वारा रविवार को जावरा नगर में हिंदुत्व का शंखनाद नाम से भव्य शौर्य यात्रा निकाली गई। इस ऐतिहासिक आयोजन में 6 मुख्य ध्वजों के साथ लगभग हजारों बजरंगी कार्यकर्ता भगवा पताका लहराते हुए नगर की सड़कों पर उतरे और हिंदुत्व के जयघोष से वातावरण को ओत-प्रोत कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं राम दरबार के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इसके पश्चात नगर में निकली शौर्य यात्रा का विभिन्न समाजों व संगठनों द्वारा पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। जय श्रीराम, वंदे मातरम् और भारत माता की जय के नारों से पूरा जावरा गूंज उठा। इस अवसर पर अनेक संतों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनमें प्रमुख रूप से राष्ट्रीय संत श्री 1008 महामंडलेश्वर स्वामी मधुसूदनानंद महाराज (कामाख्या सेमलिया धाम), संत नमन महाराज (गौधाम तालीदाना), प्रखर हिंदूवादी प्रवक्ता पंडित मनोज कश्यप, संत योगी प्रकाशनाथ (नाथ आश्रम करवा खेड़ी), संत सेवक दास महाराज (नरसिंह मंदिर कलालिया), प्रफुल्ल व्यास (मोयाखेड़ा), गुरुदेव रामसेवक श्रीहरि महाराज (भूतिया आलोट), भागवत कथा वाचक कान्हा शर्मा (मोयाखेड़ा) सहित अनेक संत-महात्मा शामिल रहे।
सनातम धर्म की रक्षा के लिए अग्रिम पंक्ति में खड़ा बजरंगदल –
मुख्य वक्ता मालवा प्रांत संगठन मंत्री खगेंद्र भार्गव ने कहा कि सनातन धर्म और राष्ट्र की रक्षा के लिए बजरंग दल सदैव अग्रिम पंक्ति में खड़ा रहेगा। उन्होंने कहा कि राम मंदिर निर्माण के बाद काशी और मथुरा में भी मंदिर निर्माण का संकल्प पूरा होगा। उन्होंने भारतीय परंपरा, शौर्य और राष्ट्रभक्ति की भावना को रेखांकित किया। संत मनोज कश्यप ने युवाओं से आत्मरक्षा और शौर्य की भावना विकसित करने का आह्वान किया तथा कहा कि बेटियों को भी आत्मरक्षा और शस्त्र संचालन का प्रशिक्षण मिलना चाहिए। नमन जी महाराज ने कहा कि यह भूमि भगवान राम और ऋषि-मुनियों की तपोभूमि है और भारत सदैव हिंदू राष्ट्र रहा है और रहेगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता जगदीश माली ने की।
पुष्पवर्षा से किया शौर्य यात्रा का स्वागत –
शनिवार को दोपहर में शहर के मेला मैदान से हिन्दुत्व का शंखनाद शौर्य यात्रा प्रारंभ हुई जो रतलामी गेट, स्टेशन रोड़, स्टेशन चौराहा, सीटी थाना रोड़, गौशाला रोड़, रतलामी गेट, लक्ष्मीबाई मार्ग, नीमचौक, कोठी बाजार, घंटाघर चौराहा, बजाजखाना, जवाहरपथ, हंगामा चौक, पिपली बाजार, शुक्रवारियां, गोवर्धननाथ मंदिर चौराहा, सोमवारिया, आजाद चौक, सुतारीपुरा, अस्पताल रोड़ से होकर पुन: दशहरा मैदान पर पहुंची। नगर में निकली इस शौर्य यात्रा का कई स्थानों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।
इनकी रही उपस्थिति –
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष मधुसूदन पाटीदार, प्रांत गोरक्षा प्रमुख भेरूलाल माली, विभाग संगठन मंत्री अर्जुन गहलोत, विभाग मंत्री सौरभ चतुर्वेदी, विभाग सह मंत्री पवन बंजारा, जिला मंत्री तूफान सिंह यादव, जिला संयोजक आशीष पोरवाल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। संचालन विभाग सहसंयोजक राधेश्याम अंजना ने किया। आभार जिला सहसंयोजक राठौर द्वारा व्यक्त किया गया।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

