– स्व. शिवराजसिंह देवड़ा के नेत्रदान से दो व्यक्तियों को मिलेगी नई दृष्टि, कठिन समय में परिवार का प्रेरक निर्णय
जावरा। भारत विकास परिषद शाखा जावरा द्वारा मानव सेवा के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए गुरुवार को 84 वाँ नेत्रदान सम्पन्न किया गया। इस अवसर पर स्वर्गीय ठा. शिवराजसिंह देवड़ा का नेत्रदान कराया गया।
संस्था अध्यक्ष पप्पूसिंह राठौर ने बताया कि परिषद निरंतर सेवा कार्यों में समर्पित भाव से सक्रिय हैं। उन्होंने देवड़ा परिवार को विशेष साधुवाद दिया, जिन्होंने अपने पूज्य पिता के प्राणांत के बाद उनके नेत्रदान की सहमति देकर दो व्यक्तियों के जीवन में उजाला पहुँचाने जैसा महान निर्णय लिया। कठिन समय में लिया गया यह निर्णय मानवता और साहस का अद्वितीय उदाहरण हैं। संस्था वर्षभर विभिन्न सामाजिक एवं सेवाभावी कार्यक्रमों का संचालन करती है। हाल ही में आयोजित एक कार्यक्रम में देहदान की घोषणा करने वाले महानुभावों का सम्मान भी किया गया। संस्था के ऐसे प्रेरक कार्यों से समाज में मानव सेवा और जागरूकता की भावना को निरंतर बल मिलता है।
कार्यक्रम में प्रांतीय नेत्रदान प्रकल्प प्रभारी शेखर नाहर तथा डॉ. ददरवाल (गीता भवन ट्रस्ट समिति, बडऩगर) की गरिमामयी उपस्थिति रही। संस्था के नेत्र प्रकल्प प्रभारी निलेश मेहता एवं रवि खरीवाल इस सेवा कार्य में निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

