साहित्य भूषण और शब्द साधक सम्मान से बढ़ी नगर की साहित्यिक गरिमा
जावरा। नगर के सुप्रसिद्ध कवि एवं साहित्यकार राजेंद्र श्रोत्रिय ने एक बार फिर साहित्य जगत में जावरा का नाम उज्ज्वल किया है। महाराष्ट्र के पुणे में आयोजित भव्य काव्य समारोह में उन्हें देश की प्रतिष्ठित साहित्यिक संस्था ‘एक प्रयास भारतÓ द्वारा साहित्य भूषण सम्मान से अलंकृत किया गया। वहीं इसी समारोह में पुणे युवा साहित्य संगम द्वारा उन्हें शब्द साधक सम्मान प्रदान कर उनके साहित्यिक साधना-पथ को विशेष सम्मान दिया गया।
राजेंद्र श्रोत्रिय की रचनाएँ संवेदना, सामाजिक सरोकार और मानवीय मूल्यों की सशक्त अभिव्यक्ति हैं। उनकी काव्य-यात्रा केवल शब्दों की सजावट नहीं, बल्कि विचारों की उजास और अनुभूतियों की गहराई से जुड़ी हुई है। यही कारण है कि उनकी साहित्यिक प्रतिभा को देश ही नहीं, विदेशों में भी मान्यता मिली है। इससे पूर्व वे नीदरलैंड में भी काव्य गौरव सम्मान से सम्मानित हो चुके हैं।
जावरा नगर के लिए गौरव का विषय –
देश-विदेश में निरंतर मिल रही साहित्यिक उपलब्धियाँ न केवल श्रोत्रिय की सृजनशीलता का प्रमाण हैं, बल्कि जावरा नगर के लिए भी गौरव का विषय हैं। उनके नवीन सम्मानों की सूचना मिलते ही नगर सहित साहित्य प्रेमियों, मित्रों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें हार्दिक बधाइयाँ प्रेषित कीं। निस्संदेह, राजेंद्र श्रोत्रिय की यह उपलब्धि शब्दों की साधना को सम्मानित करती है और नई पीढ़ी के रचनाकारों को प्रेरणा प्रदान करती है।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

