जावरा। बास्केटबॉल संघ ने जिले और राज्य स्तर पर बास्केटबॉल खेल को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने में उल्लेखनीय भूमिका निभाई है। संघ के अध्यक्ष राजेन्द्र पाण्डेय एवं सचिव विजय पामेचा ने सभी खिलाडिय़ों, प्रशिक्षकों और अभिभावकों को उनके निरंतर प्रयासों, समर्पण और उपलब्धियों के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि संघ के सामूहिक प्रयासों से जावरा के खिलाड़ी वर्षभर विभिन्न राज्यों तथा राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेकर जिले का गौरव बढ़ा रहे हैं।
इसी कड़ी में जावरा बास्केटबॉल संघ की टीम 20 जनवरी 2026 को रतलाम में आयोजित होने वाली खेलो एमपी जिला स्तरीय प्रतियोगिता में सहभागिता करने जा रही है। इस प्रतियोगिता में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी राज्य स्तरीय खेलो एमपी प्रतियोगिता के लिए चयनित होंगे, जहाँ उन्हें प्रदेश स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर मिलेगा।
संघ के प्रशिक्षक अपारसिंह गम्भीर, मनुदेव सिंह चन्द्रावत, मुकेश केथवास, रविन्द्रसिंह सिसोदिया एवं दीप्शी ठक्कर ने खिलाडिय़ों की तकनीकी कुशलता, शारीरिक फिटनेस, अनुशासन और खेल भावना के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। प्रशिक्षकों के निरंतर मार्गदर्शन और मेहनत से जावरा की युवा प्रतिभाएँ आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रही हैं। संघ के पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि जावरा की टीम आगामी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करेगी। उन्होंने खिलाडय़िों से खेल भावना के साथ श्रेष्ठ खेल दिखाने का आह्वान करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

