– अम्बिका रिसोर्ट में हुआ भव्य सांस्कृतिक आयोजन; बच्चों की फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता, कपल गरबा, लक्की ड्रॉ और खीर प्रसादी ने बांधा समां
जावरा। शरद पूर्णिमा की धवल चांदनी, भक्ति संगीत की मधुर स्वर लहरियां और पारंपरिक गरबा की मनमोहक प्रस्तुतियां कुछ ऐसे ही खुशनुमा माहौल में जैन सोशल ग्रुप (जेएसजी) जावरा मैत्री परिवार ने अपना 17 वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया। अम्बिका रिसोर्ट में आयोजित भव्य सांस्कृतिक एवं धार्मिक गरबा महोत्सव में ग्रुप के दम्पत्ति सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर धर्म, संस्कृति और आपसी मैत्री का सुंदर संदेश दिया।
भगवान महावीर के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुआ शुभारंभ –
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान महावीर के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं नवकार महामंत्र के सामूहिक जाप के साथ हुआ। इस अवसर पर ग्रुप की 16 वर्षों की मैत्रीपूर्ण यात्रा और सेवा गतिविधियों को याद करते हुए 17वें स्थापना दिवस की खुशियां साझा की गईं।
बच्चों की फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता ने मोहा मन –
समारोह में नन्हे-मुन्ने बच्चों की फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता विशेष आकर्षण रही। बच्चों ने धार्मिक, पौराणिक एवं सामाजिक संदेशों पर आधारित विभिन्न स्वरूप धारण कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उनकी मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित सदस्यों का दिल जीत लिया।
पारंपरिक परिधानों में महिलाओं ने किया गरबा –
ग्रुप की महिला सदस्यों ने आकर्षक गुजराती एवं राजस्थानी पारंपरिक परिधानों में सजकर भक्ति गीतों की धुन पर एकल एवं सामूहिक गरबा नृत्य प्रस्तुत किया। वहीं, दम्पत्ति सदस्यों ने भी धार्मिक भावना और पारंपरिक मर्यादा के साथ कपल गरबा कर आयोजन में उत्साह और उमंग का रंग भर दिया।
लक्की ड्रॉ में विजेताओं को मिले आकर्षक उपहार –
कार्यक्रम को और रोमांचक बनाने के लिए ग्रुप सदस्यों के बीच विशेष लक्की ड्रॉ आयोजित किया गया। इसके विजेताओं को आकर्षक उपहार भेंट किए गए। वहीं, फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता और गरबा महोत्सव में भाग लेने वाले बच्चों, महिलाओं एवं दम्पत्ति सदस्यों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
चांदनी रात में खीर प्रसादी का वितरण –
शरद पूर्णिमा की परंपरा के अनुरूप चंद्रमा की शीतल रोशनी में रखी गई केसरिया खीर का प्रसादी के रूप में वितरण किया गया। सभी सदस्यों ने सामूहिक रूप से खीर प्रसादी ग्रहण की और एक-दूसरे को शरद पूर्णिमा एवं स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।
ग्रुप के पदाधिकारी एवं सदस्य रहे उपस्थित –
इस अवसर पर जैन सोशल ग्रुप जावरा मैत्री के अध्यक्ष संदीप श्रीमाल, संस्थापक अध्यक्ष अनिल धारीवाल, पूर्व अध्यक्ष संदीप रांका, पंकज कांठेड, आशीष पोखरना, राजीव लुक्कड़, आलोक बरैया, राजेश पोखरना, सचिव संदीप जैन, कोषाध्यक्ष शरद डूंगरवाल सहित दीपक मेहता, अर्पल कोचट्टा, विपिन चोरडिया, शैलेष श्रीश्रीमाल, राजेश हिंगड़, अजय पटवा, नितिन भंडारी, तरुण टुकडय़िा, संजय भटेवरा, मनीष पोखरना, वैभव चपड़ोद, संदीप दसेड़ा एवं आशीष चत्तर सहित ग्रुप के अनेक दम्पत्ति साथी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन शरद डूंगरवाल ने किया तथा अंत में संदीप जैन ने सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

