– डाक विभाग पहुँचा रहा गंगोत्री का पवित्र गंगाजल, जावरा-रतलाम सहित पूरे संभाग में सुविधा
रतलाम। शिव भक्ति के पवित्र सावन के महीने में शिवभक्तों की आस्था को और अधिक सहज बनाने के लिए भारतीय डाक विभाग ने विशेष पहल की है। अब श्रद्धालुओं को गंगोत्री का शुद्ध एवं पवित्र गंगाजल प्राप्त करने के लिए लंबी यात्रा करने की आवश्यकता नहीं होगी। डाक विभाग वर्षभर यह सुविधा उपलब्ध कराता है, लेकिन श्रावण मास में बढ़ती मांग को देखते हुए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।
अधीक्षक डाकघर राजेश कुमावत ने बताया कि रतलाम डाक संभाग के अंतर्गत रतलाम, जावरा, झाबुआ, अलीराजपुर और पेटलावद क्षेत्र के सभी विभागीय डाकघरों में गंगोत्री से प्राप्त पवित्र गंगाजल उपलब्ध कराया गया है। श्रद्धालु अपने निकटतम डाकघर से भी इसे आसानी से प्राप्त कर सकते हैं।
इन प्रमुख शिवलयों में लगेंगे स्टॉल –
श्रावण मास के प्रत्येक सोमवार को श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रमुख शिव मंदिरों एवं धार्मिक स्थलों पर डाक विभाग द्वारा विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों पर श्रद्धालु गंगोत्री का पवित्र गंगाजल सरलता से प्राप्त कर सकेंगे। प्रमुख मंदिरों में विरुपाक्ष महादेव मंदिर (बिलपांक), केदारेश्वर महादेव मंदिर (सैलाना), आनंदीकल्पेश्वर महादेव मंदिर (आलोट), काशी विश्वनाथ महादेव मंदिर (रतलाम) सहित अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों पर विशेष व्यवस्था की जाएगी। डाक विभाग ने यह भी सुनिश्चित किया है कि रतलाम, झाबुआ और अलीराजपुर जिलों के सभी विभागीय डाकघरों में श्रावण मास के दौरान गंगाजल की पर्याप्त उपलब्धता बनी रहे, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।


Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

