– पारम्परिक गुजराती पौशाख पहनकर बच्चों ने किया गरबा रास
– बेस्ट ड्रेस-अप, बेस्ट गरबा किंग और बेस्ट गरबा क्वीन के अवार्ड से पुरुस्कृत हुए बच्चे
जावरा। नवरात्रि के पावन अवसर पर जावरा पब्लिक स्कूल में पारंपरिक गरबा महोत्सव का भव्य आयोजन बड़े हर्ष और उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विनोद मूणत एवं परिवार ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से समारोह की शोभा बढ़ाई। प्राचार्य डॉ पियूष मूणत ने पुष्पगुच्छ एवं शॉल भेंट कर अतिथि का आत्मीय स्वागत किया और उनके प्रति विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त किया।
माँ अम्बे की मंगल आरती के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। पूरे परिसर में माँ दुर्गा के जयकारों से गूंजता वातावरण भक्तिभाव और ऊर्जा से परिपूर्ण हो उठा। विद्यालय के छात्र-छात्राएं पारंपरिक गरबा वेशभूषा में सजे हुए रंग-बिरंगे परिधानों में आकर्षक लग रहे थे। माँ की भक्ति गीतों पर प्रस्तुत किए गए मनोहारी गरबा नृत्य ने कार्यक्रम में आध्यात्मिकता और उत्सव का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया। सांस्कृतिक विविधता को दर्शाते हुए विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक गरबा की विभिन्न प्रस्तुतियां दीं। प्रतियोगिताओं में बेस्ट ड्रेस-अप, बेस्ट गरबा किंग और बेस्ट गरबा क्वीन के लिए छात्रों का चयन कर उन्हें पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। बच्चों का जोश और नृत्य कौशल सभी के लिए प्रेरणादायक रहा।
बच्चों के साथ शिक्षकों ने भी किया गरबा –
कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि अंत में शिक्षकों के लिए भी विशेष गरबा राउंड का आयोजन किया गया। जिसमें सभी शिक्षक शिक्षिकाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। उनकी प्रस्तुतियों में उमंग और परंपरा का अद्भुत मेल देखने को मिला। बेस्ट परफॉर्मेंस देने वाले शिक्षकों को भी प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किए गए।
भारतीय संस्कृति से जुड़ाव होता हैं मजबूत –
प्राचार्य पियूष मूणत ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति और परंपराओं के प्रति सम्मान और जुड़ाव को मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी अभिभावकों, अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का इस आयोजन को सफल बनाने के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पूरा विद्यालय परिसर रंग, संगीत और भक्ति से सराबोर होकर एक अद्भुत धार्मिक और सांस्कृतिक वातावरण में परिवर्तित हो गया। जावरा पब्लिक स्कूल ने नवरात्रि गरबा महोत्सव के माध्यम से यह संदेश दिया कि शिक्षा के साथ-साथ हमारी परंपराएं और संस्कार भी उतने ही महत्वपूर्ण हैं।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

