– शुक्रवार की शाम को घंटाघर चौराहे पर ब्राहम्ण समाज ने फुंका पुतला, चलाए जुते चप्पल
– मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार जावरा को सौंपा ज्ञापन
जावरा। अजाक्स के सम्मेलन में 23 नवंबर 2025 को दिए गए आईएएस संतोष वर्मा के विवादित बयान ने पूरे ब्राह्मण समाज में आक्रोश की लहर पैदा कर दी है। डॉ. अंबेडकर जयंती पार्क में आयोजित कार्यक्रम में वर्मा ने कहा कि जब तक मेरे बेटे को कोई ब्राह्मण अपनी बेटी दान नहीं देता या उससे संबंध नहीं बनाता तब तक आरक्षण जारी रहना चाहिए। समाज ने इस बयान को लज्जाजनक, अपमानजनक और जातीय विद्वेष फैलाने वाला बताते हुए कड़ा विरोध दर्ज किया है। महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुँचाने वाले इस कथन से पूरे समाज में तीव्र आक्रोश व्याप्त है। जिसके चलते कई स्थानों पर विरोध प्रदर्शन लगातार जारी हैं, इसी कड़ी में जावरा में शुक्रवार की शाम को शहर के घंटाघर चौराहे पर ब्राहम्ण समाज द्वारा आईएएस संतोष वर्मा का पुतला दहन किया गया। वहीं मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन तहसीलदार पारस वैश्य को सोंपा गया। प्रदर्शन के दौरान समाजजनों ने जमकर नारेबाजी की, पुतले पर जुते चप्पल भी चलाए।
ब्राह्मण बेटी पर अपमानजनक टिप्पणी से समाज में रोष –
समाजजनो का कहना है कि संतोष वर्मा ने धर्म, जाति, मूलवंश और लिंग को आधार बनाकर अत्यंत भड़काऊ एवं अभद्र टिप्पणी की है, जिससे समाज में जातिगत तनाव, विभाजन और अशांति फैलने का खतरा उत्पन्न हो गया है। महिलाओं को लेकर की गई अशोभनीय अभिव्यक्ति ने समाज की भावनाओं को गहरा आहत किया है।
गंभीर अपराध, गिरफ्तारी की मांग उग्र –
बयान को गंभीर अपराध मानते हुए समाज ने प्रशासन से मांग की है कि संतोष वर्मा को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। उनके विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्यवाही की जाए। भविष्य में इस प्रकार के विवादित बयान रोके जाएँ और प्रशासन स्पष्ट गाइडलाइन जारी करे।
समाज की बेटियों के सम्मान का प्रश्न, कार्रवाई अनिवार्य –
ज्ञापन में समाज ने स्पष्ट किया है कि यह मामला केवल एक समुदाय का नहीं, बल्कि महिलाओं की गरिमा और सामाजिक सौहार्द का प्रश्न है। ऐसे बयान समाज को बाँटने वाले और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले हैं। प्रशासन से अपेक्षा है कि स्थिति की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई अविलंब की जाए। इस दौरान बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

