– हिंदी दिवस पर नुक्कड़ नाटक में सहभागिता के लिए माननीय मजिस्ट्रेट ने दिए प्रमाणपत्र
जावरा। जावरा स्थित न्यायालय परिसर में शनिवार को स्कॉलर्स पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों के लिए सम्मान और गौरव का क्षण देखने को मिला। हिंदी दिवस के अवसर पर आयोजित नुक्कड़ नाटक में उत्कृष्ट सहभागिता करने वाले विद्यार्थियों को माननीय मजिस्ट्रेट जंगबहादुर सिंह राजपूत द्वारा प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
प्रमाणपत्र वितरण कार्यक्रम के दौरान माननीय मजिस्ट्रेट राजपूत ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नुक्कड़ नाटक जैसी गतिविधियाँ विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, सामाजिक जागरूकता तथा भाषा के प्रति सम्मान की भावना विकसित करती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी सकारात्मक, रचनात्मक एवं सामाजिक गतिविधियों से जुड़े रहने के लिए प्रेरित किया। प्रमाणपत्र प्राप्त करते समय विद्यार्थियों के चेहरों पर विशेष उत्साह और गर्व झलकता नजर आया। विद्यालय परिवार ने इस सम्मान को विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि इस प्रकार के मंच बच्चों के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम गरिमामय एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन एवं समस्त स्टाफ की ओर से मजिस्ट्रेट जंगबहादुर सिंह राजपूत के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

