– 140 पौधों से सजी हरियाली, सिविल हॉस्पिटल परिसर में नई पहल
– मानव सेवा के साथ पर्यावरण संरक्षण की मिसाल
– भारत विकास परिषद शाखा जावरा का सराहनीय प्रयास
जावरा। भारत विकास परिषद शाखा जावरा द्वारा मानव सेवा एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक और अनुकरणीय पहल करते हुए सिविल हॉस्पिटल जावरा परिसर में वृहद पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। परिषद द्वारा निरंतर देहदान, नेत्रदान जैसे महादान प्रकल्पों के साथ-साथ पर्यावरण संवर्धन को भी विशेष प्राथमिकता दी जा रही है।
140 पौधों का रोपण, भविष्य में बनेंगे छायादार वृक्ष –
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए परिषद अध्यक्ष पप्पूसिंह राठौर ने बताया कि सिविल हॉस्पिटल के नवनिर्मित एवं विशाल बगीचे में कुल 140 पौधों का रोपण किया गया है। ये पौधे आने वाले वर्षों में वटवृक्ष एवं अन्य छायादार वृक्षों के रूप में विकसित होकर अस्पताल में आने वाले मरीजों, उनके परिजनों एवं स्टाफ को बैठने की सुविधा प्रदान करेंगे। साथ ही पर्यावरण शुद्धिकरण एवं हरियाली बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
हरित और स्वास्थ्यवर्धक वातावरण का संकल्प –
पप्पुसिंह ने कहा कि सिविल हॉस्पिटल का यह बगीचा अत्यंत विस्तृत है, जिसे हरा-भरा और उपयोगी बनाने का संकल्प भारत विकास परिषद द्वारा लिया गया है, ताकि अस्पताल परिसर में सकारात्मक, शांत एवं स्वास्थ्यवर्धक वातावरण निर्मित हो सके।
पर्यावरण प्रकल्प का विशेष महत्व –
परिषद के वरिष्ठ मार्गदर्शक कानसिंह चौहान ने कहा कि भारत विकास परिषद के सेवा प्रकल्पों में पर्यावरण प्रकल्प का विशेष स्थान है। पौधारोपण के लिए दीर्घकालिक दृष्टि से उपयुक्त स्थानों का चयन किया गया है, जिससे समय-समय पर सिंचाई, देखरेख एवं संरक्षण की व्यवस्था सुचारू रूप से सुनिश्चित हो सके। ये छायादार वृक्ष भविष्य में विशेषकर ग्रीष्म ऋतु में सिविल हॉस्पिटल के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होंगे।
बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं सदस्य रहे उपस्थित –
इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारी एवं सदस्यगण ईश्वर प्रसाद त्रिवेदी, राजेश शर्मा, शेखर नाहर, डॉ. प्रकाश उपाध्याय, डॉक्टर एस. एल. खराड़ी , दीपक गर्ग, कमल सारडा, सुधीर शर्मा, नितेश धनोतिया, रामचंद्र पोरवाल, राजेश भावसार एवं भूपेन सक्सेना सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन संस्था के सचिव दिनेश भावसार ने किया । भारत विकास परिषद का यह प्रयास पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ समाज के प्रति उसकी सतत सेवा भावना को भी सशक्त रूप से प्रदर्शित करता है।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

