– समय पर वेतन आहरित न होने से बढ़ी आर्थिक परेशानी, प्रत्येक माह 1 तारीख को वेतन जारी करने की मांग तेज
जावरा। जिले के समस्त जन शिक्षकों को पिछले चार माह से समय पर वेतन नहीं मिल पा रहा है, जिसके चलते शिक्षकों में गहरी नाराजगी व्याप्त है। वेतन आहरित में लगातार हो रही देरी को लेकर जनपद शिक्षा केंद्र जावरा के अंतर्गत कार्यरत जन शिक्षकों ने गंभीर चिंता व्यक्त की और सामूहिक त्यागपत्र देने की चेतावनी सहित ज्ञापन जिला परियोजना समन्वयक के नाम खंड स्त्रोत केंद्र समन्वयक चरण सिंह चंद्रावत को सौंपा।
ज्ञापन में शिक्षकों ने बताया कि लंबे समय से वेतन न मिलने के कारण बैंक ऋण की किश्तें जमा करने में कठिनाई आ रही है। कई शिक्षकों को रोजमर्रा के खर्चों के लिए भी दूसरों से उधारी लेकर व्यवस्था करनी पड़ रही है, जिससे मानसिक तनाव बढ़ता जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रतिनियुक्ति पर रहकर वे रतलाम जिले में पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य कर रहे हैं, बावजूद इसके वेतन में हो रही निरंतर देरी उच्च अधिकारियों की उदासीनता को दर्शाती है। वहीं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को भी वेतन समय पर न मिलने से उनके परिवार का खर्च चलाना मुश्किल होता जा रहा है।
प्रति माह 1 तारीख को वेतन जारी करने की मांग –
जन शिक्षकों ने मांग की कि प्रत्येक माह की 1 तारीख को नियमित रूप से वेतन आहरित कराया जाए, ताकि उन्हें आर्थिक संकट का सामना न करना पड़े और शिक्षण कार्य सुचारू रूप से चलता रहे। इस दौरान खंड अकादमिक समन्वयक नीता शर्मा, जन शिक्षक सौरभ गुप्ता, सुनील कोठाने, लक्ष्मी नारायण मेहता, केसर खान, कैलाश वाक्तरिया, प्यार सिंह पवार, सादिक खान, अशोक दडिंग, महेंद्र त्रिवेदी, लालू मईड़ा, अंगुरबाला पाटीदार, शिवनारायण धाकड़, सुनील कदम सहित अन्य जन शिक्षक उपस्थित रहे।

