– दूषित पानी से 10 मौतों पर सवाल पूछने वाले पत्रकार को कहा ‘फोकट’, ‘घंटा’ बोलकर की अभद्रता — भड़की युवक कांग्रेस
जावरा। इंदौर में दूषित पानी के कारण 10 लोगों की दर्दनाक मौत के बाद जब एक मीडिया कर्मी ने सरकार से जवाबदेही मांगी, तो कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का रवैया न केवल असंवेदनशील बल्कि लोकतंत्र को अपमानित करने वाला सामने आया। पत्रकार ने मंत्री से सवाल किया कि इन मौतों की जिम्मेदारी केवल जूनियर अफसरों पर ही क्यों डाली जा रही है और पीड़ितों के इलाज व अस्पताल बिलों का क्या होगा।
इस गंभीर और मानवीय सवाल पर मंत्री विजयवर्गीय झल्ला गए और कैमरे के सामने बोले अरे छोड़ो यार, फोकट प्रश्न मत पूछा करो, इसके बाद उन्होंने घंटा जैसे अपशब्द का प्रयोग करते हुए पत्रकार से आपत्तिजनक भाषा में बात की। मंत्री के इस अहंकारी और मीडिया विरोधी रवैये के खिलाफ आज जावरा में जोरदार विरोध देखने को मिला।
किया पूतला दहन, लगाए मुर्दाबाद के नारे –
जावरा युवक कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष सनी अखेडिय़ा के नेतृत्व में युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं, एनएसयूआई और आम नागरिकों ने कैलाश विजयवर्गीय का पुतला दहन कर अपना आक्रोश प्रकट किया। इस विरोध प्रदर्शन के दौरान कैलाश वियजवर्गीय मुर्दाबाद के नारे भी सुनाई दिए। प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई के पूर्व जिला अध्यक्ष संयम शर्मा, युवक कांग्रेस के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र उटवाल, पूर्व जिला महासचिव कमलेश वर्मा सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
मामले को दबाने की कोशिश की तो होगा उग्र आंदोलन –
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब प्रदेश में लोग गंदा पानी पीकर जान गंवा रहे हों, तब एक कैबिनेट मंत्री का पत्रकारों से इस तरह बात करना सरकार की संवेदनहीनता और अहंकार को उजागर करता है। उन्होंने मांग की कि मंत्री विजयवर्गीय तुरंत सार्वजनिक माफी मांगें, इंदौर में हुई मौतों की उच्चस्तरीय जांच हो और पीड़ित परिवारों के इलाज, मुआवजे व न्याय की तत्काल व्यवस्था की जाए। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इस मामले को दबाने की कोशिश की, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

