जावरा। बांग्लादेश में बढ़ती इस्लामी जिहादी हिंसा और हिंदुओं पर हो रहे कथित अमानवीय अत्याचारों के विरोध में विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल जावरा जिले द्वारा मंगलवार को तीखा धरना-प्रदर्शन किया गया। संगठन ने दो स्थानों पर बांग्लादेश और इस्लामी जिहाद का पुतला दहन कर आक्रोश व्यक्त किया। यह विरोध प्रदर्शन चौपाटी बस स्टैंड जावरा पर दोपहर 2.30 बजे उग्र नारों के बीच संपन्न हुआ।
विश्व हिंदू परिषद जावरा जिला मंत्री तूफान सिंह यादव ने कहा कि सत्ता परिवर्तन के बाद बांग्लादेश में इस्लामी जिहादी गतिविधियां तेजी से बढ़ी हैं। हिंदू समाज को निशाना बनाकर मंदिरों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, महिलाओं, संपत्तियों पर हमले किए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि शासकीय कर्मचारी और पत्रकार भी इन हिंसक घटनाओं से अछूते नहीं हैं, जिससे पूरे देश में भय का वातावरण है।
उन्होंने मेमनसिंह जिले के भालुका की घटना को मानवता पर कलंक बताते हुए कहा कि एक सामान्य हिंदू श्रमिक दीपू दास पर ईशनिंदा का झूठा आरोप लगाकर भीड़ ने नृशंस हत्या कर दी। बताया गया कि एक सामान्य बातचीत को मनमाने ढंग से ईशनिंदा का रूप दिया गया, जबकि उसमें किसी भी धर्मग्रंथ या धर्म के विरुद्ध कोई टिप्पणी नहीं थी। इसके बाद भीड़ ने दीपू दास को पीट-पीटकर मार डाला, मृत देह को पेड़ से लटकाकर जलाया गया और आतंक फैलाने के उद्देश्य से घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित किए गए। संगठन ने आरोप लगाया कि यह पूरा घटनाक्रम पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में हुआ, लेकिन उसे रोकने के कोई ठोस प्रयास नहीं किए गए। बांग्लादेश का प्रशासन और समाज इस हिंसा पर मौन साधे हुए है, जो जिहादी तत्वों को प्रोत्साहित करने जैसा है। विहिप–बजरंग दल ने इसे अल्पसंख्यकों के मानवीय अधिकारों का खुला हनन बताते हुए अंतरराष्ट्रीय समुदाय से हस्तक्षेप की मांग की।
इनकी रही उपस्थिति –
प्रदर्शन के दौरान विभाग संगठन मंत्री अर्जुन गहलोत, जिला अध्यक्ष मधुसूदन पाटीदार, विभाग सहसंयोजक राधेश्याम अंजना, जिला सह मंत्री लाल सिंह राठौड़, जिला संयोजक आशीष पोरवाल, जिला सहसंयोजक संदीप राठौर, जिला सेवा प्रमुख ओंकार दास बैरागी, जिला सह गोरक्षा प्रमुख हरीश जलोट, जिला सुरक्षा प्रमुख विकास, जिला सह सामाजिक संस्था प्रमुख नारायण सिंह सहित विश्व हिंदू परिषद–बजरंग दल के जिला, प्रखंड, खंड एवं ग्राम समिति के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

