– बच्चे उपभोक्ता के रूप में विषय पर आयोजित हुआ सेमिनार
जावरा। बच्चे हमारे जीवन का मुख्य आधार हैं, ये आने वाले देश का भविष्य हैं, वर्तमान में व्हाट्सएप, सोशल मीडिया, टीवी, इंटरनेट इन सबने देश के नागरिको को प्रभावित किया है।
उक्त विचार म.प्र. ग्रामीण उपभोक्ता कल्याण संघ की प्रदेश अध्यक्ष रश्मि राजेन्द्र पांडेय ने मॉडल स्कूल जावरा में बच्चे उपभोक्ता के रूप में विषय पर आयोजित सेमिनार में अतिथि के रूप में व्यक्त किये। आयोजन में उपभोक्ता संरक्षण पर प्रश्नावली के माध्यम से प्रतियोगिता आयोजित की गई। पांडेय ने कहा कि आज सबसे बडी जरूरत है कि बच्चों को सोशल मीडिया का उपयोग करना सिखाया जाए और उन्हें यह ज्ञान दिया जाए कि इनमे अपने लिए कौन सी चीज ठीक है और कौन सी नहीं। सोशल मीडिया में परोसे जा रहे ऐसे विषय जो बच्चों की मानसिकता व उनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालते हैं और जो बच्चों के मौलिक अधिकारों का हनन करते हैं, उनका उपभोक्ता संगठन द्वारा विरोध किया जाएगा एवं केंद्र सरकार से मांग करते हैं कि वह अन्य विकसित देशों की तरह हमारे देश के बच्चों को भी मौलिक एवं उपभोक्ता संरक्षण अधिकार प्रदान करें।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मध्यप्रदेश ग्रामीण उपभोक्ता कल्याण संघ की प्रदेश सचिव राजलक्ष्मी चंद्रावत ने कहा कि बच्चे अपने अधिकारों के लिए सजग व जागरूक रहें खाद्य पदार्थों में मिलावट एवं अपने शिक्षण की सामग्री जैसे कॉपी, पैन, किताब पर लिए जा रहे हैं, उनका मूल्य व जीवन के अन्य साधनों से जुडी हुई वस्तुओं की खरीद एवं सेवाओं की प्राप्ति में पूरी जानकारी लेकर वस्तु को खरीदे या सेवा को प्राप्त करे। उन्होंने कहा कि हमारा संगठन पिछले 31 वर्षों से उपभोक्ता संरक्षण के क्षेत्र में कार्य कर रहा है, यह प्रदेश में पहला ऐसा संगठन है जो महिलाएं संचालित कर रही है, हम सबका उद्देश्य आने वाली पीढियों को सजग व साहसी बनाना है। कार्यक्रम के प्रारम्भ में उपभोक्ता संगठन के सभी पदाधिकारियों एवं प्राचार्य मॉडल स्कूल के द्वारा माँ सरस्वती की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। मॉडल स्कूल की प्राचार्या ने मध्य प्रदेश उपभोक्ता संगठन के द्वारा किये जा रहे कार्यों की सराहना की।
जिला उपभोक्ता कल्याण संघ की अध्यक्षता सुमन मेहता ने बच्चों को जागरूक करने हेतु खाद्य पदार्थों, दैनिक जीवन की वस्तुओं, शिक्षा एवं अन्य विषयों पर रोचक जानकारी दी। संगठन के द्वारा आयोजित सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में भविष्य पाटीदार ने प्रथम, बंटी पाटीदार एवं सुभाष सूर्यवंशी ने द्वितीय तथा तनिष्क पाटीदार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इनका सम्मान कर संगठन की ओर से प्रमाण पत्र एवं पारितोषिक राशि प्रदान की गई। आभार व्यक्त करते हुए जिला उपभोक्ता कल्याण संघ की सचिव जागृति ठक्कर ने बच्चों को धर्म, अध्यात्म और उपभोक्ता संरक्षण से संबंधित जानकारी एवं अनुशासन प्रिय होने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम में उपभोक्ता संगठन सदस्य उषा सोलंकी, अर्चना पाण्डेय, संतोष शर्मा ने आयोजन में सहयोग प्रदान किया।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

