लायंस क्लब व संजीवनी फाउंडेशन ने लगाया नि:शुल्क नेत्र परीक्षण एवं जीवन रक्षा शिविर
जावरा। यातायात सप्ताह के अवसर पर यातायात पुलिस विभाग के तत्वावधान में सेवा आपके द्वार अभियान के अंतर्गत लायंस क्लब जावरा एवं संजीवनी फाउंडेशन जावरा के संयुक्त सहयोग से ऑटो रिक्शा चालकों एवं अन्य वाहन चालकों के लिए नि:शुल्क नेत्र परीक्षण एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में सीएसपी युवराजसिंह चौहान एवं यातायात सूबेदार मोनिका चौहान की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था अध्यक्ष यश जैन एडवोकेट ने की। प्रारंभ में संस्था अध्यक्ष द्वारा यातायात सूबेदार मोनिका चौहान का पुष्पमालाओं से स्वागत किया गया, इसके पश्चात यातायात पुलिस विभाग द्वारा समस्त अतिथियों का सम्मान किया गया।
अपने संबोधन में यश जैन एडवोकेट ने कहा —
ऑटो रिक्शा एवं वाहन चालक हमारे शहर की जीवन रेखा हैं। आपकी सजग दृष्टि न केवल आपकी आजीविका का आधार है, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा की भी गारंटी है। नियमित नेत्र परीक्षण से दुर्घटनाओं की संभावना कम होती है। इसलिए हर चालक को समय-समय पर नेत्र व स्वास्थ्य जांच अवश्य करानी चाहिए।
सीपीआर का लाइव प्रदर्शन, चालकों को मिला जीवन बचाने का प्रशिक्षण –
यातायात सूबेदार मोनिका चौहान ने उपस्थित चालकों को यातायात नियमों, नेत्र सुरक्षा और जीवन रक्षा के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने सीपीआर (ष्टक्कक्र) के माध्यम से आपात स्थिति में किसी व्यक्ति की जान कैसे बचाई जा सकती है, इसका पुतले पर प्रायोगिक प्रदर्शन कर समझाया। इस दौरान चालकों ने सक्रिय रूप से भाग लिया और गोल्डन आवर में जीवन बचाने की महत्ता को समझा।
बड़ी संख्या में चालक हुए शामिल –
नि:शुल्क शिविर में पुलिस यातायात विभाग से समरथमल, जयंती लाल पाटीदार, यातायात संगठन अध्यक्ष अयूब भाई, राहुल राठौड़, कन्हैयालाल, तिलक, विनोद, प्रकाश मेहता सहित बड़ी संख्या में ऑटो रिक्शा चालक एवं अन्य वाहन चालक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य चालकों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना एवं सुरक्षित यातायात को प्रोत्साहित करना रहा, जिसे उपस्थित सभी जनों ने सराहा।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

