– दो दुकानों से हजारों की चोरी, एक में ताले टूटे लेकिन सेफ सुरक्षित
– आक्रोशित व्यापारियों ने निलाम बंद कर सौंपा सुरक्षा सुधार का ज्ञापन
जावरा। अरनिया पीथा कृषि उपज मंडी में चोरी की वारदातों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीती रात अज्ञात बदमाशों ने गेहूं अड्डे की तीन दुकानों को निशाना बनाया। दो दुकानों में सेंध लगाकर चोरी की गई, जबकि एक दुकान पर ताले तोडऩे के बाद भी चोर सेफ नहीं तोड़ पाए। लगातार हो रही इन घटनाओं के खिलाफ बुधवार सुबह व्यापारियों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
घटना से नाराज व्यापारियों ने सभी जिन्सों के निलाम दोपहर करीब 12 बजे तक रोककर विरोध जताया। इसके बाद मंडी भारसाधक अधिकारी और एसडीएम सुनील जायसवाल को ज्ञापन सौंपकर मंडी में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई। ज्ञापन सौंपने के बाद ही निलाम प्रक्रिया पुन: शुरू हो सकी। निलाम बंद रहने से ऊपज लेकर पहुंचे किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
तीन दुकानों पर चोरी की वारदात –
मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात करीब तीन बदमाश मंडी में घुसे –
मोहन कल्याण एग्रोटेक फर्म में सेंध लगाकर तिजोरी में रखी 15 हजार की चिल्लर और कुछ नगदी चुरा ली गई। संचालक राजेंद्र अग्रवाल के अनुसार यह पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हुई है।
पाटनी ट्रेडर्स में चोरों ने करीब 200 ग्राम चांदी का नारियल, 7 चांदी के सिक्के और लगभग 7 हजार की चिल्लर समेत कुल 30–35 हजार का माल पार कर दिया। संचालक पवन पाटनी को वारदात की जानकारी चोकीदार ने दी।
रुनवाल ट्रेडर्स में चोरों ने गेट तोड़ दिया, लेकिन अंदर रखी सेफ तोडऩे में असफल रहे। इसी दौरान मंडी गार्ड की आहट से बदमाश मौके से भाग निकले। गार्ड ने तुरंत व्यापारियों को सूचना दी, जिसके बाद रात 3 बजे व्यापारी मौके पर पहुंचे। सीसीटीवी फुटेज में करीब तीन बदमाश वारदात को अंजाम देते स्पष्ट दिख रहे हैं।
व्यापारियों की सुरक्षा संबंधी मांगें –
व्यापारियों ने बताया कि मंडी में लगातार हो रही चोरियों से सभी असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। ज्ञापन में निम्न प्रमुख समस्याएं उठाई गई—
– पुलिस पेट्रोलिंग की कमी, पूर्व में आग्रह के बावजूद निरंतर निगरानी नहीं।
-मंडी की अधूरी बाउंड्रीवाल, जिससे चोर आसानी से अंदर-बाहर आजा सकते हैं।
– सुरक्षा गार्ड के पास डंडा और टॉर्च जैसी मूलभूत सुविधाएँ तक उपलब्ध नहीं।
– व्यापारियों ने स्पष्ट कहा कि यदि सुरक्षा व्यवस्था नहीं सुधारी गई, तो आगे और कड़े कदम उठाए जाएंगे।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

