– लंबे इंतजार के बाद खुला अंडरब्रिज, राजनीतिक खींचतान और नेताओं के समय ने बदला लोकार्पण का नजारा; जिन व्यापारियों ने झेला फाटक का दर्द, उन्हीं के हाथों हुआ शुभारंभ
– सांसद-विधायक और मंत्रियों के बिना शहर की बड़ी सौगात का लोकार्पण
– मंच पर आम नागरिकों का सम्मान और नीचे बैठे नजर आए स्थानीय नेता
– रेलवे फाटक-177 पर विकास के साथ सियासत का भी दिखा अनोखा दृश्य
जावरा। जिस अंडरब्रिज के लिए शहरवासियों और रेलवे फाटक क्षेत्र के व्यापारियों ने लंबे समय तक इंतजार किया, लंबे समय तक अपने व्यापार को मंदी के दौर में देखा, कई दुकाने बंद हो गई, कई व्यापारी आर्थिक रुप से टूट गए, जिस निर्माण के दौरान लोगों को आवागमन की परेशानियां झेलनी पड़ीं और जिस सौगात के लोकार्पण को लेकर राजनीतिक चर्चाएं गर्म रहीं, उसका शुभारंभ आखिरकार हो गया। लेकिन इस बार न कोई बड़ा राजनीतिक मंच था, न सांसद-विधायक व किसी मंत्री की मौजूदगी में फीता काटने की परंपरागत तस्वीर और न ही

नेताओं के हाथों लोकार्पण का नजारा। रेलवे फाटक क्रमांक 177 के समीप बने अंडरब्रिज का फीता उन्हीं व्यापारियों और वरिष्ठ नागरिकों ने काटा, जो इस क्षेत्र की परेशानियों को करीब से झेलते रहे हैं। स्थानीय नेता दर्शकदीर्घा में बैठे नजर आए। इस अनोखे शुभारंभ ने शहर में विकास के साथ राजनीतिक खींचतान और श्रेय लेने की परंपरा को लेकर भी चर्चा छेड़ दी। साथ ही सौगात के लोकापर्ण की तस्वीर को भी उल्टा कर दिखा दिया।
राजनीतिक खींचतान के बीच व्यापारियों के हाथों शुभारंभ –
रविवार को रेलवे फाटक क्रमांक 177 पर बने अंडरब्रिज का शुभारंभ स्थानीय व्यापारियों और वरिष्ठ नागरिकों के हाथों कराया गया। बताया गया कि सांसद डॉ. सुधीर गुप्ता ने भी व्यापारियों के हाथों ही शुभारंभ कराने के निर्देश दिए थे। इसके बाद स्थानीय स्तर पर परंपरागत राजनीतिक लोकार्पण के बजाय आम नागरिकों को आगे रखकर कार्यक्रम आयोजित किया गया। शहर में यह दृश्य इसलिए भी चर्चा का विषय बना, क्योंकि आमतौर पर करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं के लोकार्पण में सांसद, विधायक, मंत्री और अन्य जनप्रतिनिधि मुख्य भूमिका में नजर आते हैं। लेकिन इस बार मंच पर आम नागरिकों को स्थान मिला और स्थानीय नेताओं को दर्शकदीर्घा में बैठकर कार्यक्रम देखना पड़ा।

जिन व्यापारियों ने झेली परेशानी, उन्हीं के हाथों खुला रास्ता –
रेलवे फाटक पर लंबे समय तक लगने वाले जाम और आवागमन की समस्या के चलते पहले ओव्हरब्रिज, फिर अंडर ब्रिज की मांग उठी, ओव्हरब्रिज बना तो रेलवे ने फाटक को बंद कर दिया, जिससे क्षैत्र दो हिस्सों में बट गया। फाटक बंद होने से व्यापार उजड़ गया। फाटक बंद होने के बाद से अब तक फाटक क्षेत्र के व्यापारी तथा आम नागरिक प्रभावित होते रहे हैं। ऐसे में अंडरब्रिज का खुलना क्षेत्र के लोगों के लिए राहत भरा कदम है। इस बार शुभारंभ के लिए व्यापारियों को आगे करना एक अलग संदेश भी देता नजर आया। जिन लोगों ने इस क्षेत्र की समस्याओं को प्रत्यक्ष रूप से झेला, उन्हीं के हाथों नई सुविधा का शुभारंभ कराया गया। हालांकि, इस आयोजन के पीछे की राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर शहर में चर्चाएं जारी रहीं।

मंच पर नागरिकों का सम्मान, दर्शकदीर्घा में बैठे स्थानीय नेता –
कार्यक्रम के दौरान फाटक क्षैत्र के वरिष्ठ नागरिक बद्रीलाल शर्मा के साथ गिरीराज उपाध्याय, महेन्द्र चांवला, पुष्पेन्द्रसिंह गंभीर (बप्पी), प्रकाश बालचंदानी, संजय कियावत, कृष्णकांत मोईनीवार, जाकिर बोहरा, झामनदास देवानी और अनिल त्रिवेदी सहित अन्य गणमान्य नागरिक मंच पर मौजूद रहे। जिनका स्थानी नेताओं द्वारा पुष्पमालाओं से स्वागत किया गया। वहीं, भाजपा के स्थानीय पदाधिकारी और कार्यकर्ता दर्शकदीर्घा में बैठे नजर आए। कार्यक्रम में स्थानीय नेताओं ने विकास कार्य का श्रेय अपनी सरकार तथा सांसद-विधायक को भी दिया। इस तरह लोकार्पण समारोह में नागरिकों की प्रमुख भूमिका के साथ राजनीतिक श्रेय का सिलसिला भी जारी रहा।

फीता कटते ही अंडरब्रिज से गुजरे लोग –
शुभारंभ के दौरान वरिष्ठ नागरिकों और व्यापारियों ने फीता काटकर अंडरब्रिज को आमजन के लिए शुरू करने की औपचारिकता पूरी की। इसके बाद कुछ नेता पैदल तो कुछ दुपहिया वाहनों से अंडरब्रिज के भीतर से गुजरे और दूसरी ओर निकले। रेलवे अधिकारियों का भी स्थानीय नेताओं ने पुष्पमालाओं से स्वागत किया। कार्यक्रम में रेलवे अधिकारियों की मौजूदगी ने निर्माण कार्य पूरा होने के बाद अंडरब्रिज के शुभारंभ को औपचारिक रूप दिया।
भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी रहे मौजूद –
कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि एवं भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रदीप चौधरी, भाजपा जिला महामंत्री महेश सोनी, मंडल अध्यक्ष राजेश शर्मा, महामंत्री अनिल धारीवाल, पूर्व जिला उपाध्यक्ष डॉ. दिलीप शाकल्य, पूर्व मंडल अध्यक्ष अभय कोठारी, सहकारी नेता देवेन्द्र शर्मा, सांसद प्रतिनिधि शिवेन्द्र माथुर, वीरेन्द्रसिंह चौहान, वार्ड पार्षद तेजसिंह कदम, पूर्व पार्षद सुमन मेहता, एल्डरमेन मनोहर पांचाल, नंदकिशोर महावर, संतोष शर्मा, सैय्यद अमजद अली, शरद डुंगरवाल और महेन्द्र चौहान सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

सौगात जनता की, सवाल सियासत के ! –
रेलवे फाटक क्रमांक 177 पर अंडरब्रिज का शुरू होना निश्चित रूप से जावरा के लिए राहत की खबर है। लेकिन इसका शुभारंभ जिस अंदाज में हुआ, उसने शहर की राजनीति में एक अलग तस्वीर पेश कर दी। आमतौर पर विकास कार्यों के लोकार्पण में नेताओं की मौजूदगी और श्रेय की होड़ सुर्खियों में रहती है, लेकिन यहां आम नागरिकों ने फीता काटा और नेता दर्शक बनकर बैठे रहे। अब शहरवासियों की अपेक्षा है कि अंडरब्रिज केवल उद्घाटन तक सीमित न रहे, बल्कि आवागमन को सुरक्षित और सुगम बनाने में भी अपनी भूमिका निभाए। जो काम अधुरे पड़े हैं, उन्है भी शीघ्र पूर्ण करवाए, आखिरकार किसी भी विकास कार्य की असली सफलता मंच पर होने वाले समारोह से नहीं, बल्कि जनता को मिलने वाली सुविधा से तय होती है।

