– व्यापारी को नकली सोने का टुकड़ा असली बताकर लगाया चूना, हरियाणा से यूपी-बिहार तक फैली ठगी की कडय़िों की जांच में जुटी पुलिस
रतलाम। त्योहारों के सीजन में बाजारों में खरीदारी के बीच नकली सोना-चांदी बेचकर लोगों और व्यापारियों को ठगने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का रतलाम पुलिस ने पर्दाफाश किया है। थाना माणकचौक पुलिस ने गिरोह के 6 सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 3 पुरुष और 3 महिलाएं शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से 11.80 किलोग्राम नकली सोने के आभूषण व मूर्ति, 2.20 किलोग्राम नकली चांदी के आभूषण, 400 ग्राम वजन के चांदी के सिक्के, 30 हजार रुपये नकद और इलेक्ट्रिक तौल कांटा जब्त किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी नकली सोने-चांदी को असली बताकर व्यापारियों और आम लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। प्रारंभिक पूछताछ में रतलाम के एक व्यापारी के साथ ठगी करने के अलावा उत्तर प्रदेश और बिहार में भी ऐसी वारदातों में संलिप्तता की जानकारी सामने आई है।
बर्तन की दुकान पर नकली सोने से ठगी –
मामले में सामने आया कि 16 अक्टूबर 2026 को आरोपियों ने फरियादी मुस्तफा तांबावाला की बर्तन की दुकान पर पहुंचकर नकली सोने के टुकड़े को असली बताकर ठगी की। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने संदिग्धों की तलाश शुरू की। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर त्योहारों के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि हरियाणा के फरीदाबाद जिले से आए कुछ महिला और पुरुष रतलाम में नकली सोने-चांदी के आभूषण बेचने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना पर थाना माणकचौक पुलिस की विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया।
हरियाणा से आए आरोपी, दूसरे राज्यों में भी ठगी की जांच –
गिरफ्तार आरोपियों में हरियाणा के फरीदाबाद जिले के बल्लभगढ़ निवासी सागर राठौर और गणेश राठौर तथा उत्तर प्रदेश के लखनऊ निवासी मानसिंह राय शामिल हैं। इनके साथ तीन महिला आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों से गिरोह के नेटवर्क, ठगी के तरीके और अन्य संभावित वारदातों को लेकर पूछताछ शुरू की है।
इतना सामान हुआ जब्त –
पुलिस की कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से 11.800 किलोग्राम: नकली सोने के आभूषण और मूर्ति, 2.200 किलोग्राम: नकली चांदी के आभूषण, 400 ग्राम चांदी के 9 सिक्के, 30,000 की नकद राशि, 1 नग इलेक्ट्रिक तौल कांटा जप्त किया हैं।
BNS की धाराओं में मामला दर्ज –
थाना माणकचौक में अपराध क्रमांक 566/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 3(5) में प्रकरण दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अन्य घटनाओं में उनकी संभावित भूमिका की जांच कर रही है।
पुलिस की टीम की रही अहम भूमिका –
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रमसिंह चौहान, उपनिरीक्षक लोकेन्द्रसिंह डाबर, सहायक उपनिरीक्षक गौरचन्द परमार सहित थाना माणकचौक के पुलिसकर्मियों और महिला पुलिसकर्मियों की भूमिका रही।
आमजन और व्यापारियों से अपील –
रतलाम पुलिस ने लोगों और व्यापारियों से अपील की है कि अनजान व्यक्तियों से सोना-चांदी खरीदते समय उसकी शुद्धता और प्रामाणिकता की जांच अवश्य करें। असामान्य रूप से कम कीमत पर की जा रही पेशकश से सावधान रहें और ठगी की आशंका होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।
Jaora Headlines की नजर: नकली सोना असली बताकर ठगी करने का यह मामला व्यापारियों के लिए सतर्क रहने की चेतावनी है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि गिरोह ने अन्य शहरों में कितनी वारदातों को अंजाम दिया और इसके पीछे नेटवर्क कितना बड़ा है।

