– जावरा पब्लिक स्कूल में कक्षा 3 से 5 की छात्राओं ने बस ड्राइवर एवं कंडक्टर्स को राखी बाँधकर जताया सम्मान और आभार
जावरा। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर जावरा पब्लिक स्कूल में भाई-बहन के प्रेम, सम्मान और कृतज्ञता की भावना को अनूठे अंदाज में अभिव्यक्त किया गया। विद्यालय की कक्षा 3 से 5 तक की छात्राओं ने विद्यालय के सुरक्षा नायकों—बस ड्राइवर एवं कंडक्टर्स के साथ रक्षाबंधन पर्व मनाकर उनके प्रति सम्मान और आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर छात्राओं ने अपने हाथों से सुंदर एवं भावपूर्ण हैंडमेड ग्रीटिंग कार्ड तैयार किए और सुरक्षा नायकों को भेंट किए। इसके बाद भारतीय परंपरा और विधि-विधान के साथ छात्राओं ने उनके मस्तक पर तिलक लगाया, आरती की और उनकी कलाई पर स्नेह एवं सम्मान की राखी बाँधी। विद्यार्थियों की ओर से शिक्षण सामग्री स्वरूप उपहार भी प्रदान किए गए। राखी बंधवाने के दौरान सुरक्षा नायकों के चेहरे पर खुशी और बच्चों के चेहरों पर उत्साह देखने को मिला। इस भावपूर्ण पहल ने विद्यालय के वातावरण को आत्मीयता, अपनत्व और सम्मान की भावना से भर दिया।
रक्षाबंधन कर्तव्य और सुरक्षा का पर्व –
विद्यालय के डायरेक्टर श्री कमल मूणत ने कहा कि हमारे ड्राइवर और कंडक्टर्स केवल विद्यार्थियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने का कार्य नहीं करते, बल्कि प्रतिदिन उनकी सुरक्षा और जिम्मेदारी का भी ध्यान रखते हैं। बच्चों द्वारा उनके प्रति व्यक्त किया गया सम्मान अत्यंत सराहनीय है। रक्षाबंधन हमें रिश्तों के साथ-साथ कर्तव्य और सुरक्षा के महत्व को भी समझाता है।
ड्राईवर-कंडक्टर्स नहीं ये हमारे सुरक्षा सुपर हीरोज –
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. पीयूष मूणत ने कहा कि हमारे सुरक्षा हीरोज विद्यालय परिवार का अभिन्न हिस्सा हैं। विद्यार्थियों की सुरक्षित यात्रा में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। बच्चों द्वारा उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करना विद्यालय के लिए गर्व का विषय है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में संवेदनशीलता, संस्कार और सम्मान की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आयोजन में प्रबंधन सदस्य किरण मूणत भी उपस्थित रहीं। विद्यालय परिवार की ओर से आयोजित इस पहल ने रक्षाबंधन के पर्व को एक सार्थक संदेश से जोड़ दिया। रक्षाबंधन का यह आयोजन केवल पर्व मनाने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि स्नेह, सम्मान, सुरक्षा और कृतज्ञता की भावनाओं को जोडऩे वाला यादगार अवसर बन गया। छात्राओं की मासूम मुस्कान और सुरक्षा नायकों की खुशी ने इस आयोजन को विशेष बना दिया।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

