– प्रदेश की नं. 1 गौशाला बनाने का लक्ष्य, अब तक 1 करोड़ 15 लाख से अधिक के हो चुके विकास कार्य
– राष्ट्रसंत नमन वैष्णव के मुखारविंद से होगी शिव कथा, 28 से प्रारंभ होगी कथा 3 को होगा समापन
– कथा के दौरान प्रतिदिन मिलेगा क्षैत्र एक प्रमुख संत का सानिध्य
तालीदाना/जावरा। समाज सेवा, गौ सेवा एवं धार्मिक गतिविधियों में निरंतर अग्रणी स्वर्गीय महेंद्रसिंह कालूखेड़ा गौशाला समिति, तालीदाना द्वारा आगामी 28 दिसम्बर 2025 रविवार से 3 जनवरी 2026 शनिवार तक श्री शिव महापुराण कथा महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन स्व. महेंद्र सिंह जी कालूखेड़ा गौशाला परिसर, तालीदाना में संपन्न होगा।
इस दिव्य आयोजन में परम पूज्य संतश्री नमन वैष्णव के मुखारविंद से प्रतिदिन श्री शिव महापुराण कथा आधारित प्रवचन होंगे। साथ ही प्रतिदिन क्षेत्र के एक प्रमुख संत भी पधारकर श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। कथा का समय प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित किया गया है।
आयोजन समिति की अपील –
आयोजन समिति के संरक्षक के. के. सिंह कालूखेड़ा, अध्यक्ष गजराज सिंह, सचिव मदनसिंह चौरडिय़ा एवं कोषाध्यक्ष मन्नालाल ने गुरुवार को गौशाला में आयोजित पत्रकार वार्ता में पत्रकारों को जानकारी देते हुए क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पधारकर इस पुण्य अवसर का लाभ लेने की अपील की है। उन्होंने बताया कि महिलाओं के लिए पृथक बैठने की विशेष व्यवस्था भी की गई है। इस दौरान आमंत्रण पत्रक का विमोचंन भी किया गया l
380 गौमाताओं की सेवा में समर्पित गौशाला –
वर्ष 2019-20 से शासन में पंजीकृत यह गौशाला 4.85 हेक्टेयर भूमि पर संचालित हो रही है, जहां वर्तमान में 380 गौमाताएं निवासरत हैं। उनकी देखरेख के लिए 13 कर्मचारी दिन-रात सेवा में लगे हैं। यहां खुराक, चिकित्सा, दवाइयां और सुरक्षा की समुचित व्यवस्था की गई है तथा विशेषज्ञ पशु चिकित्सकों की सेवाएं भी उपलब्ध हैं।
गौशाला विकास में करोड़ों की सहभागिता –
समिति ने जनसहयोग से अब तक 1 करोड़ 18 लाख 15 हजार की लागत से गौशाला में व्यापक विकास कार्य कराए हैं। इनमें प्रमुख रूप से 6 टीन शेड, 50 पंखों की व्यवस्था, बाउंड्रीवाल, पक्का स्टेज, गौमाता, भगवान शंकर, हनुमान जी एवं श्री ठाकुर जी के मंदिर, 8 कमरे, संत कुटी, स्टाफ आवास, विशाल भोजनशाला, नंदी शाला, गोदाम, ट्यूबवेल, शौचालय ट्रेक्टर-ट्रॉली, जनरेटर, बिजली लाइन, वर्मी कम्पोस्ट, गोबर कंडे, नेपियर घास खेती जैसे अनेक महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।
वर्ष 2024-25 में हुआ विशेष उन्नयन –
गत वर्ष समिति द्वारा 20 लाख की लागत से विशाल भूसा गोदाम, 16 लाख की बाउंड्रीवाल, 3 लाख के पेवर ब्लॉक, रंगाई-पुताई, पानी की हौद, चारा रखने की लियाने का निर्माण करवाया गया।
जनप्रतिनिधियों एवं सेवाभाव का योगदान –
गौशाला विकास में के. के. सिंह कालूखेड़ा द्वारा 6 लाख से संत कुटी का निर्माण, संत नमन जी महाराज के शिष्यों द्वारा 8 लाख का भूसा गोदाम सहयोग, विधायक डॉ. राजेंद्र पांडे द्वारा 5 लाख का टीन शेड में सहयोग, सचिव मदन सिंह चौरडिय़ा द्वारा 5 लाख से विभिन्न कक्ष, जनपद पंचायत अध्यक्ष योगेंद्र सिंह सोलंकी द्वारा 7 लाख की पानी टंकी का निर्माण कार्य करवाया गया हैं।
भविष्य की योजनाएं –
समिति सरंक्षक केकेसिंह व अध्यक्ष गज्जु बना ने बताया कि आगामी भविष्य में समिति द्वारा गौशाला में स्थाई वेटनरी डॉक्टर, गोबर गैस प्लांट एवं अन्य आधुनिक सुविधाओं के माध्यम से गौशाला को प्रदेश स्तरीय आदर्श गौशाला बनाने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं स्व. महेन्द्रसिंह कालूखेड़ा गौशाला को समुचे मध्यप्रदेश में नं. 1 गौशाला बनाने का लक्ष्य रखा हैं। समिति ने समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों से आग्रह किया है कि शिवभक्ति, गौसेवा और सनातन परंपरा से जुड़े इस महायज्ञ में सहभागी बनकर पुण्य लाभ अर्जित करें।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

