– स्विफ्ट कार से 200 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
– कार सहित कुल 25 लाख का माल जब्त
जावरा। जिले के ग्राम चिकलाना में दिलावर लाला के निवास से एमडी ड्रग्स बनाने की फैक्ट्री पकड़े जाने के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। इस बड़े खुलासे के बाद जिले भर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए व्यापक धरपकड़ अभियान तेज कर दिया गया है। इसी कड़ी में चौकी माननखेड़ा थाना रिंगनोद पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए स्विफ्ट कार से 200 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार द्वारा सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को नशा तस्करों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राकेश खाखा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) विवेक कुमार लाल तथा अनुविभागीय पुलिस अधिकारी जावरा संदीप मालवीय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रिंगनोद के नेतृत्व में यह सफलता मिली।
घटना का विवरण –
16 जनवरी की शाम पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि स्विफ्ट कार क्रमांक GJ05JE0428 में दो व्यक्ति एमडी ड्रग्स लेकर आ रहे हैं। सूचना पर माननखेड़ा चौकी के सामने घेराबंदी कर एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत वाहन की तलाशी ली गई। कार में सवार इफतार पिता इकबाल खान (25) तथा वसीम पिता यूसुफ खान (25) दोनो निवासी ग्राम दाउदखेड़ी, थाना वायडी नगर, मंदसौर के कब्जे से 200 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की गई। दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है तथा उनसे ड्रग्स के स्रोत और नेटवर्क के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि चिकलाना फैक्ट्री प्रकरण के बाद जिले में एमडी ड्रग्स के विरुद्ध अभियान और तेज किया गया है। नशे के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और पूरे नेटवर्क को जड़ से खत्म किया जाएगा।
25 लाख का मश्रुका जब्त –
कार्रवाई में पुलिस ने आरोपियो के कब्जे से 200 ग्राम एमडी ड्रग्स अनुमानित कीमत 20 लाख रुपये तथा सफेद रंग की स्विफ्ट कार क्रं. GJ05JE0428 अनुमानित कीमत 5 लाख रुपये सहित कुल 25 लाख रुपए का मश्रुका जब्त किया हैं। इस कार्रवाई में निरीक्षक आनंद सिंह आजाद (थाना प्रभारी रिंगनोद), उप निरीक्षक राजेश मालवीय (चौकी प्रभारी माननखेड़ा), कार्य. प्र.आर. हर्षवर्धन सिंह, आरक्षक घनश्याम कुमावत, संतोष कुमार, अनिल डांगी, सैनिक सुरेश उपाध्याय, जालम सिंह, शांतिलाल बामनिया तथा सायबर सेल से प्रधान आरक्षक मनमोहन शर्मा एवं आरक्षक मयंक व्यास की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

