– विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत हितग्राहियों को लाभ वितरित करने जावरा विधानसभा के ग्राम पंचायत लालाखेड़ा में पहुंचे राज्यपाल
– राज्यपाल बोले पुरी सरकार आज आपके गांव में आई है, लेकिन लालाखेड़ा सरपंच की छोटी सी मांग भी पूरी नही कर सके राज्यपाल
जावरा। प्रदेश भर में जारी विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत रविवार को जावरा विधानसभा के ग्राम लालाखेड़ा में शिविर आयोजित किया गया। उक्त शिविर में अवलोकन करने तथा हितग्राहियों को लाभ वितरित करने मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगु भाई पटेल दोपहर में लालाखेड़ा पहुंचे। राज्यपाल ने अपने 10 मिनीट के सम्बोधन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ही तारिफ करते दिखे, संवेधानिक पद पर आसीन राज्यपाल ने लालाखेड़ा में मंच से हितग्राहियों को सम्बोधित करते हुए प्रधानमंत्री द्वारा संचालित की जा रही योजनाओं का बखान किया। प्रदेश के महामहीम ने कहा है कि हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारा देश तेज गति से विकास कर रहा है। देश विकास के उसे मोड पर है जहां प्रगति के नित नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। विकसित भारत संकल्प यात्रा के माध्यम से सरकार आमजन के द्वार पर पहुंची है तथा योजनाओं का लाभ लेने से जो भी वंचित रह गए हैं उनको लाभ प्रदान किया जा रहा है।
इस अवसर पर प्रदेश के सूक्ष्म, लघु मध्यम उद्यम मंत्री चैतन्य काश्यप, सांसद सुधीर गुप्ता, विधायक जावरा डॉ. राजेंद्र पांडे, विधायक रतलाम ग्रामीण मथुरालाल डामोर, जिला पंचायत अध्यक्ष लालाबाई शंभूलाल चंद्रवंशी, कलेक्टर भास्कर लाक्षाकार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश खाखा, सीईओ जिला पंचायत अमन वैष्णव, एसडीएम अनिल भाना, सीएसपी दुर्गेश आर्मो, एसडीओपी शक्तिसिंह चौहान के साथ पंचायत सरपंच बद्रीलाल पाटीदार तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन आमजन उपस्थित थे।
महिलाओं में बढ़ा है आत्मविश्वास –
राज्यपाल ने कहा कि आजीविका मिशन के माध्यम से आज महिलाओं में नया आत्मविश्वास आया है। महिलाएं घरों के आर्थिक उत्थान में मजबूती से अपनी भूमिका का निर्वाह कर रही है। स्वयं सहायता समूह से जुड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनी है। आज महिलाओं का घरों में सम्मान बढ़ गया है, परिवारों में खुशहाली आई है। प्रधानमंत्री आवास योजना ने लोगों को कच्चे मकान से मुक्ति दिलाई है। पक्के मकान में परिवार खुशहाली से जीवन बसर कर रहे हैं और प्रधानमंत्री को धन्यवाद दे रहे हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में गरीब किसान, महिलाओं, युवा सभी वर्गों का विकास हो रहा है। राज्यपाल ने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा वंचित रहे लोगों को लाभ दे रही है। सबके प्रयास से वंचित व्यक्ति की मदद की जा रही है। इस अवसर पर राज्यपाल द्वारा उपस्थितजनों को विकसित भारत का संकल्प दिलाया गया।
हितग्राहियों को किए लाभ वितरित –
इस अवसर पर राज्यपाल द्वारा शासन की योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ वितरित भी किए गए। इनमें दुर्गाबाई रामेश्वर को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, रामचंद्र पाटीदार को पशुपालन के लिए क्रेडिट कार्ड, बालिका हर्षिता को लाडली लक्ष्मी योजना, बाबू बागरी को आयुष्मान कार्ड तथा नारायण स्वयं सहायता समूह को सीसीएम ऋण लाभ प्रदान किया गया। प्रारंभ में विधायक डॉ. राजेंद्र पांडे ने अपने स्वागत उद्बोधन में कहा कि हम आल्हादित तथा प्रसन्न है कि गांव में महामहिम राज्यपाल पधारे हैं। राज्यपाल द्वारा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में किया गया कार्य सराहनीय है वे अपने कार्य द्वारा मैदानी स्तर पर जन-जन से जुड़े हैं। राज्यपाल को विधायक डॉ. राजेंद्र पांडे तथा कलेक्टर भास्कर लक्षकार ने स्मृति चिन्ह भेंट किये। संचालन आशीष दशोत्तर ने किया। आभार लालाखेड़ा सरपंच बद्रीलाल पाटीदार ने माना। इस अवसर पर विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा अपनी योजनाओं तथा उपलब्धियों पर आधारित आकर्षक प्रदर्शनी भी लगाई गई।
राज्यपाल का आगमन हमारे लिए गौरवशाली –
प्रदेश के लघु, सूक्ष्म, मध्यम उद्यम मंत्री चैतन्य काश्यप ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश के राज्यपाल का आगमन हमारे लिए गौरवशाली क्षण है। महामहिम राज्यपाल द्वारा उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं जिनमें सिकल सेल बीमारी से लोगों की मुक्ति की दिशा में उनका कार्य अत्यंत उल्लेखनीय है। विकसित भारत संकल्प यात्रा का उपक्रम शासन की योजनाओं को आमजन के मध्य ले जाने के लिए है और लोगों को योजनाओं का लाभ प्रदान करने के लिए है।
मोदी की गारंटी एक एक व्यक्ति तक पहुंच रही –
सांसद सुधीर गुप्ता ने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा द्वारा प्रधानमंत्री मोदी की सरकार की गारंटी का वाहन आया है। यह गारंटी एक-एक व्यक्ति तक पहुंच रही है जिससे व्यापक परिवर्तन देखने में आ रहा है। अब बच्चों की ग्रोथ अच्छी हो रही है, देश के आम आदमी की औसत आयु में वृद्धि हो रही है, देश का सर्वांगीण विकास हो रहा है। प्रदेश के राज्यपाल द्वारा सिकल सेल बीमारी से मुक्ति के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया जा रहा हैं जिससे देश अतिशीघ्र नियत समय सीमा में सिकल सेल की बीमारी से मुक्त हो जाएगा।
हितग्राहियों ने कही मेरी कहानी मेरी जुबानी –
इस अवसर पर कार्यक्रम में शासन की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों द्वारा प्राप्त लाभ का वर्णन मंच पर आकर मेरी कहानी मेरी जुबानी के अंतर्गत किया गया। ग्राम हिंगोरिया के नंदराम चौधरी ने बताया कि उनको हृदय संबंधी व्याधि थी। गरीबी के कारण उपचार कराना संभव नहीं था परंतु आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत प्राप्त आयुष्मान कार्ड से उनका नि:शुल्क उपचार संभव हो सका है इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री को धन्यवाद भी दिया। ग्राम लालाखेड़ा के श्याम गोपाल शर्मा ने बताया कि उनका परिवार कच्चे मकान में रहता था कई प्रकार की परेशानियां सहन करना पढ़ती थी परंतु प्रधानमंत्री आवास योजना से उनको पक्का मकान मिल गया है। अब परिवार प्रसन्न है, प्रधानमंत्री को धन्यवाद देता है। राजलक्ष्मी स्वयं सहायता समूह की जयबाला व्यास ने बताया कि स्वयं सहायता समूह से जुड़कर महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त बना रही हैं। उनके समूह की महिलाएं आजीविका मिशन से जुड़कर आत्मनिर्भर बनी है। समूह की महिलाओं ने सिलाई मशीन खरीदी है, सिलाई कार्य से अच्छी आमदनी प्राप्त कर रही हैं। इसी प्रकार लालाखेड़ा की विष्णु बंसीलाल ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से मिले फायदे की जानकारी मंच पर दी। लालाखेड़ा के बगदीराम शर्मा ने प्रधानमंत्री कृषक सम्मान निधि से मिले रहे लाभ को बताया।


