– देश का राजा नहीं बदलेगा, फसलों के भाव होंगे अपार, साल होगा खुशाल
– भविष्यवाणी से पहले निकाला वाडिय़ों का चल समारोह
जावरा। नगर से दक्षिण दिशा की और करीब 17 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम गोठड़ा में विश्व प्रसिद्ध श्री महिषासुर मर्दनी गोठड़ा वाली माताजी की भविष्यवाणी को सुनने के लिए बुधवार को देश के कोने कोने से हजारो की तादात में श्रृद्धालु मलेनी नदी तट पर जूटे। जहां दोपहर 2 बजकर 15 मिनीट पर माताजी के पंडे नागुलाल गायरी ने मलेनी नदी के बीच बने ओटले से वर्षभर में घटने वाली घटनाओं, फसलों में तेजी मंदी, सोने चांदी के भाव, राजनीति के साथ ही बारिश तथा प्राकृतिक आपदाओं के बारे में भविष्यवाणी की। 40 डिग्री तापमान में भी भारी भीड़ भविष्यवाणी सुनने पहुंची।
भविष्यवाणी में ये कहा –
इस वर्ष बारिश खूब होगी, गर्मी से हाल बेहाल हो जाएगा, सावन और भादवे में वर्षा बहुत है, सात मावठे होंगे, फसलों का भाव अच्छा रहेगा, जिसमें लहसुन का भाव सबसे ऊपर रहेगा, गेहूं, मेथी ,चना, सारे फसलों के दाम अच्छे रहेंगे। बीमारियां बहुत सी रहेगी वैशाख में और आषाढ़ में बीमारी ज्यादा रहेगी। चांदी मीडियम रहेगी और सोने के भाव बढ़ेंगे। आंधी तूफान चलेंगे। राजनीति में उठा पटक तो बहुत होगी फिर भी राजा नहीं बदलेगा। सडक़ हादसे भी अधिक होगें जिसमें लोगों की जान भी जाएगी। भगवान बजरंगबली के हवन व अभिषेक करने से बीमारियों का प्रकोप कम होगा। जितनी हो उतनी गोरक्षा करें नहीं तो गाय देखने को नहीं मिलेगी।
यह बताया जुताई का मुर्हूत –
उल्लेखनीय है कि गोठड़ा वाली माताजी की भविष्यवाणी को सुनने बड़ी संख्या में किसान पहुंचते है, क्यों कि किसानों को यहां खेत में जुताई करने और बोवनी का मुर्हूत मिलता है। भविष्यावाणी में इस बार जुताई का मुर्हूत बताते हुए पंडाजी ने कहा कि इस साल बोवनी बेठते अषाढ की पूनम से नवमी तिथि तक तथा दुसरी बोवनी आधा आषाढ से सप्तमी तिथी तक होगी। पंडाजी ने हल बैल की जोड़ी से खेत जोतने की बात कहीं।
निकला वाडिय़ों का चल समारोह –
बुधवार को दोपहर 12.15 बजे उत्तर हवन एवम पूजन, पूर्णाहुति महाआरती सम्पन्न होकर दोपहर 01 बजे माताजी के मंदिर से ज्वारा विसर्जन का भव्य चल समारोह निकला, जो गांव के प्रमुख मार्गो से होता हुआ मलेनी नदी के तट पर पंहुचा जहां वाडी विसर्जन के बाद माताजी ने भविष्यवाणी की। गोठड़ा माताजी की भविष्यवाणी सुनने लोकसभा चुनाव के भाजपा प्रत्याशी अनिल फिरोजिया व कांग्रेस प्रत्याशी महेश परमार भी उपस्थित हुए। साथ ही राजस्थान, गुजरात ,छत्तीसगढ़, पंजाब सहित मध्यप्रदेश के कई जिलों से किसान व व्यापारी वर्षभर का भविष्य सुनने पहुंचे थे। 



