– जावरा औद्योगिक थाना प्रभारी प्रकाश गाडरिया और रावटी टीआई सुरेंद्र गाडरिया का डीएसपी पद पर चयन, अलीराजपुर के किसान परिवार ने रचा प्रेरक इतिहास।
जावरा। अलीराजपुर जिले की जोबट तहसील के एक साधारण किसान परिवार के दो बेटों ने संघर्ष, मेहनत और दृढ़ संकल्प के दम पर सफलता की ऐसी मिसाल कायम की है, जो आज प्रदेशभर के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है। जावरा औद्योगिक थाना प्रभारी प्रकाश गाडरिया और रावटी थाना प्रभारी सुरेंद्र गाडरिया का उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) पद पर चयन हुआ है। दोनों भाइयों की इस उपलब्धि से परिवार, क्षेत्र और पुलिस महकमे में खुशी की लहर है।
प्रकाश गाडरिया ने वर्ष 1998 में मात्र ₹1000 मासिक वेतन पर गुरुजी (शिक्षक) के रूप में अपने करियर की शुरुआत की थी। वर्ष 2001 में वे संविदा शिक्षक बने, लेकिन नौकरी के साथ-साथ उन्होंने मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (पीएससी) की तैयारी जारी रखी। दो बार मुख्य परीक्षा तक पहुंचने के बावजूद असफलता मिली, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी।
आर्थिक तंगी, संसाधनों की कमी और बिना किसी कोचिंग या मार्गदर्शन के उन्होंने अपने लक्ष्य पर लगातार काम किया। संघर्ष के दौर में पारिवारिक कठिनाइयों का भी सामना करना पड़ा, यहां तक कि उन्हें घर भी छोड़ना पड़ा। आखिरकार वर्ष 2006 में उनका चयन उप निरीक्षक (SI) के पद पर हुआ और 2007 में प्रशिक्षण के बाद भोपाल में पहली पदस्थापना मिली। ईमानदार, निष्पक्ष और जनसेवा के प्रति समर्पित कार्यशैली ने उन्हें एक सक्षम पुलिस अधिकारी के रूप में पहचान दिलाई।
बड़े भाई की सफलता से प्रेरित होकर छोटे भाई सुरेंद्र गाडरिया ने भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू की। प्रकाश गाडरिया उन्हें इंदौर से गांव वापस लेकर आए और दोनों ने साथ रहकर तैयारी की। मेहनत रंग लाई और सुरेंद्र का चयन भी उप निरीक्षक (SI) के रूप में हुआ। वर्तमान में वे रावटी थाना प्रभारी हैं और अब उनका चयन भी डीएसपी पद पर हो गया है।
एक ही किसान परिवार के दो बेटों का डीएसपी बनना प्रदेश के ग्रामीण युवाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है। यह सफलता बताती है कि सीमित संसाधन कभी भी बड़े सपनों की राह में बाधा नहीं बनते। मेहनत, धैर्य, आत्मविश्वास और मजबूत इरादों के बल पर हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
वर्तमान में प्रकाश गाडरिया रतलाम जिले के जावरा औद्योगिक थाने में थाना प्रभारी (TI) के रूप में पदस्थ हैं, जबकि उनके छोटे भाई सुरेंद्र गाडरिया रावटी थाने में थाना प्रभारी (TI) हैं। दोनों अधिकारियों के डीएसपी पद पर चयन से पूरे क्षेत्र में गर्व और खुशी का माहौल है।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

