– वोक्सवैगन कार से हो रही थी तस्करी, 7 लाख रुपये का मशरूका जब्त
जावरा/रतलाम। रतलाम जिले में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत माननखेड़ा पुलिस चौकी ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 100 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त वोक्सवैगन कार भी जब्त कर ली है। जब्त किए गए डोडाचूरा और वाहन की कुल कीमत करीब 7 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार के निर्देशानुसार जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेककुमार लाल एवं एसडीओपी जावरा संदीप मालवीय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रिंगनोद निरीक्षक आनंद सिंह आजाद के नेतृत्व में माननखेड़ा चौकी प्रभारी उप निरीक्षक राजेश मालवीय ने यह कार्रवाई की।
मुखबिर सूचना पर हुई कार्रवाई –
पुलिस को 7 जून की शाम मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की वोक्सवैगन कार (क्रमांक MP09CM4775) में दो व्यक्ति मंदसौर की ओर से माननखेड़ा होते हुए जावरा की तरफ डोडाचूरा की खेप लेकर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने माननखेड़ा चौकी के सामने फोरलेन रोड पर घेराबंदी की और एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों का पालन करते हुए संदिग्ध वाहन को रोका। तलाशी लेने पर कार के अंदर रखे बोरों से 100 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
राजस्थान के दो आरोपी गिरफ्तार –
गिरफ्तार आरोपियों में सुनील पिता मोहनलाल मालवीय (36 वर्ष), निवासी गोपालगंज, प्रतापगढ़ (राजस्थान) तथा इलियास खान उर्फ गुड्डू पिता इसरार खान पठान (40 वर्ष), निवासी नौगांव, थाना अरनोद, जिला प्रतापगढ़ (राजस्थान) शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 2 लाख रुपये मूल्य का 100 किलो डोडाचूरा तथा लगभग 5 लाख रुपये कीमत की वोक्सवैगन कार जब्त की है। कुल जब्त मशरूका करीब 7 लाख रुपये का है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि डोडाचूरा की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। मामले में तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका –
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद सिंह आजाद, चौकी प्रभारी उप निरीक्षक राजेश मालवीय, प्रधान आरक्षक हर्षवर्धन सिंह जगावत, आरक्षक घनश्याम कुमावत, संतोष कुमार, अनिल डांगी तथा सैनिक जालम सिंह और शांतिलाल बामनिया की विशेष भूमिका रही।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

