– कॉपी खरीदने के बहाने दुकान में घुसे बदमाश, सीसीटीवी और मुखबिर की मदद से पुलिस ने दबोचा; एक आरोपी अब भी फरार
बड़ावदा/जावरा। बड़ावदा थाना पुलिस ने दिनदहाड़े दुकान के गल्ले से 14,700 रुपए की चोरी की वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में शामिल दूसरा आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार 26 जुलाई को बड़ावदा के कस्टम चौराहा स्थित परमार कम्प्यूटर पर दो युवक बिना नंबर की काली पल्सर बाइक से पहुंचे। दोनों ने कॉपी खरीदने का बहाना बनाया और इसी दौरान एक आरोपी ने मौका पाकर दुकान के गल्ले से 14,700 रुपए निकाल लिए। वारदात के बाद दोनों आरोपी बाइक से फरार हो गए। घटना की शिकायत पर थाना बड़ावदा में धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल एवं एसडीओपी संदीप कुमार मालवीय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष चौरसिया के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
सीसीटीवी फुटेज से हुई पहचान –
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान अब्बास पिता पिंगु अली सिया (24), निवासी हेदरी इमामबाड़ा, हुसैन टेकरी, जावरा के रूप में की। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपने साले अली पिता हुसेन एहसान, निवासी हाथीखाना, जावरा के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जबकि फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
इनकी भूमिका रही सराहनीय –
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष चौरसिया, उप निरीक्षक एम.एल. बड़ोदिया, एएसआई शिवजी यादव, प्रधान आरक्षक दिनेश सिंह तोमर, प्रधान आरक्षक सुबेदार सिंह सेंगर सहित चौकी हुसैन टेकरी के आरक्षक कमलेश दांगी, कृष्णपाल और गोविंद पंवार की सराहनीय भूमिका रही। रतलाम पुलिस ने कहा है कि जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और ऐसे मामलों का शीघ्र खुलासा करने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

