– सर्किट हाउस चौराहे के पास रेलिंग से टकराई बाइक, हादसे के बाद सड़क पर फैली 441 ग्राम अफीम
– पुलिस ने शुरू की तस्करी नेटवर्क की जांच
जावरा। सोमवार दोपहर करीब 3.45 बजे सर्किट हाउस चौराहे से कुछ दूरी पर सर्विस रोड पर हुए एक सड़क हादसे ने हर किसी को हैरान कर दिया। एक बाइक सवार युवक सर्विस रोड की रेलिंग से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद जब लोग उसकी मदद के लिए पहुंचे तो सड़क पर फैला नजारा देखकर सभी के होश उड़ गए।
युवक के खून के साथ-साथ बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ अफीम भी सड़क पर बिखरी हुई थी। सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को पुलिस वाहन से उपचार के लिए शासकीय अस्पताल भिजवाया। वहीं शहर थाना प्रभारी दीपक मंडलोई सहित पुलिस टीम ने सड़क पर बिखरी अफीम को सावधानीपूर्वक एकत्र किया। पुलिस ने बाइक पर बंधे एक छोटे बैग को भी जब्त किया, जिसमें अफीम रखी हुई थी। इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों को हटाकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई।
तस्करी का नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस –
शहर थाना प्रभारी दीपक मंडलोई ने बताया कि घायल युवक की पहचान रवि पिता भरतलाल राठौर (20 वर्ष), निवासी सोहनगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने सड़क से समेटी गई अफीम और बैग से बरामद अफीम का वजन किया, जिसमें कुल 441 ग्राम अफीम बरामद हुई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई जा रही है।
घायल रवि रतलाम रैफर –
घायल रवि को पहले जावरा के शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। थाना प्रभारी के अनुसार युवक के स्वस्थ होने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी, जिसके आधार पर आगे एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
कहां से आई इतनी अफीम ? –
पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि युवक इतनी मात्रा में अफीम कहां से लेकर आ रहा था, किसे सप्लाई करने जा रहा था और इसके पीछे कौन-सा मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क सक्रिय है। इन सभी पहलुओं पर पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है।
जल्द हो सकता है बड़ा खुलासा –
उल्लेखनीय है कि सोमवार को हुसैन टेकरी पर चेहल्लुम के मुख्य आयोजन “आग पर मातम” के चलते जिले का अधिकांश पुलिस बल सुरक्षा व्यवस्था में तैनात था। वहीं युवक के घायल होने के कारण विस्तृत पूछताछ नहीं हो सकी। पुलिस का कहना है कि पूछताछ पूरी होने के बाद पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सकता है।
पुलिस के सामने अहम सवाल –
– आरोपी के पास अफीम कहां से आई ?
– 441 ग्राम अफीम का स्रोत क्या है ?
– यह खेप किसे सप्लाई की जानी थी ?
– क्या इसके पीछे कोई बड़ा तस्करी गिरोह सक्रिय है ?
– बाइक सवार अकेले काम कर रहा था या किसी नेटवर्क का हिस्सा था ?
फिलहाल पुलिस ने 441 ग्राम अफीम जब्त कर मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच पूरी होने के बाद इस पूरे तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

