– महू-नीमच हाईवे पर चेकिंग के दौरान पीछा कर पकड़ी गई बिना नंबर की थार
– 25 लाख रुपए का मशरूका जब्त, एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज
जावरा। रतलाम जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने गुरुवार रात बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना नंबर की लग्जरी महिंद्रा थार से 200 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया है। पुलिस को देखकर तस्कर वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए खेतों की ओर फरार हो गया। पुलिस ने करीब 25 लाख कीमत का मशरूका जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर फरार आरोपी और पूरे तस्करी नेटवर्क की तलाश शुरू कर दी है।
रतलाम जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार (भा.पु.से.) के निर्देशन में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल, नगर पुलिस अधीक्षक जावरा युवराज सिंह चौहान के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र जावरा निरीक्षक प्रकाश गाडरिया के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने बड़ी सफलता हासिल की।
पुलिस को देख वाहन लेकर भागा आरोपी –
पुलिस टीम महू-नीमच हाईवे पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर की काले रंग की महिंद्रा थार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन को सड़क से नीचे उतारकर तेज रफ्तार से भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया तो बरगढ़ फंटे के पास चालक वाहन छोड़कर खेतों की ओर फरार हो गया। पुलिस ने मौके पर वाहन की तलाशी ली तो पीछे की सीट हटाकर उसकी जगह 10 प्लास्टिक के बोरे रखे गए थे। जांच में प्रत्येक बोरे में 20-20 किलोग्राम डोडाचूरा मिला। इस प्रकार कुल 200 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा, जिसकी अनुमानित कीमत 10 लाख, बरामद किया गया। इसके साथ ही तस्करी में प्रयुक्त बिना नंबर की महिंद्रा थार, जिसकी अनुमानित कीमत 15 लाख रुपए है, भी जब्त कर ली गई। इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल ?25 लाख कीमत का मशरूका जब्त किया।
एनडीपीएस एक्ट में दर्ज किया प्रकरण –
थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा में धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस फरार वाहन चालक की पहचान, गिरफ्तारी तथा डोडाचूरा के स्रोत, सप्लाई नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस ने 200 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा (10 प्लास्टिक बोरों में) अनुमानित कीमत रुपए 10 लाख तथा बिना नंबर की काले रंग की महिंद्रा थार अनुमानित कीमत रुपए 15 लाख को मिलाकर कुल जब्त मशरूका करीब 25 लाख रुपए बरामद किया।
कार्रवाई में सराहनीय भूमिका –
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रकाश गाडरिया, उपनिरीक्षक कन्हैया अवास्या, कुलदीप डाबी, प्रधान आरक्षक संजय सोनावा, आरक्षक कमलेश, गोविंद, रविन्द्र सिंह, योगेन्द्र, प्रीतम, पवन, शादाब एवं योगेश की विशेष भूमिका रही।


Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

