– मीरा कुटी क्षेत्र के मालवा नगर में सनसनी
— सुबह शादी समारोह में जाना था, भतीजे ने पहुंचकर देखा खौफनाक मंजर
— मौके पर पहुंचे एसपी अमित कुमार, गठित की एसआईटी
रतलाम। शहर के मीरा कुटी क्षेत्र के मालवा नगर में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहाँ सरकारी स्कूल से सेवानिवृत महिला शिक्षिका सरला जायसवाल (उर्फ सरला धनेतवाल) की उनके ही घर में बेरहमी से हत्या कर दी गई। महिला अपने पति की मौत के बाद घर में अकेली रहती थीं।
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह सरला जायसवाल को अपने परिजनों के साथ उज्जैन में होने वाले शादी समारोह में शामिल होना था। तय समय पर करीब सुबह 8 बजे उनका भतीजा उन्हें लेने पहुँचा। दरवाजा खोलते ही वह अंदर पहुँचा और देखा कि बाथरूम में कमोड पर महिला का शव पड़ा है। गला रेत कर हत्या किए जाने के स्पष्ट निशान दिखाई दे रहे थे।
भतीजे ने तुरंत आसपास के लोगों और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही आईए पुलिस टीम मौके पर पहुँची। कुछ ही देर में एसपी अमित कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए। हत्या की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने त्वरित कार्रवाई के लिए एसआईटी गठित कर दी है।
पति की मृत्यु के बाद से अकेली रहती थी –
पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भिजवाया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतिका सरला जायसवाल धराड़ के सरकारी स्कूल में शिक्षिका थीं और करीब आठ वर्ष पहले सेवानिवृत हुई थीं। पति की मृत्यु के बाद वह अकेले रह रही थीं। फिलहाल पुलिस ने कई संदिग्ध पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। हत्यारे की शिनाख्त और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

