– 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगालकर शिवपुरी से बच्चे को सकुशल बरामद किया
– मानव तस्करी के एंगल से भी जांच जारी, आरोपियों में एक विधि विरूद्ध बालक भी शामिल
जावरा। हुसैन टेकरी से 6 माह के मासूम बालक के अपहरण की सनसनीखेज वारदात का औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने राजस्थान के एक संगठित गिरोह से जुड़े दो वयस्क आरोपियों एवं एक विधि-विरुद्ध किशोर बालक को गिरफ्तार कर अपहृत मासूम सयान को सकुशल दस्तयाब कर लिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेककुमार लाल एवं नगर पुलिस अधीक्षक जावरा युवराज सिंह चौहान के मार्गदर्शन में यह महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई।
ऐसे हुई थी वारदात –
दिनांक 05 जून 2026 को फरियादी साहिल ने थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपने परिवार सहित पिछले 15 दिनों से हुसैन टेकरी जावरा में ठहरा हुआ था। 04/05 जून की रात्रि में वह अपनी पत्नी, बच्चों और अन्य परिजनों के साथ चिराग गेस्ट हाउस के पास एक दुकान के बाहर सोया हुआ था। उसी दौरान एक अज्ञात महिला, पुरुष एवं एक बच्चा भी वहीं आकर सो गए। सुबह करीब 4.30 बजे जब साहिल की नींद खुली तो उसका 6 माह का पुत्र सयान अपने स्थान पर नहीं मिला। साथ ही पास में सो रहे अज्ञात महिला, पुरुष एवं बच्चा भी गायब थे। काफी तलाश के बाद भी जब बालक का पता नहीं चला तो पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
तत्काल गठित हुई विशेष टीम –
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने तत्काल विशेष टीम गठित कर बालक की शीघ्र तलाश एवं आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। थाना प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र निरीक्षक प्रकाश गाडरिया के नेतृत्व में टीम ने भौतिक साक्ष्य, साइबर इनपुट, तकनीकी विश्लेषण एवं सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की।
200 से अधिक CCTV कैमरे खंगाले –
पुलिस टीम ने संभावित भागने के रास्तों की पहचान कर विभिन्न क्षेत्रों में जांच की। इस दौरान करीब 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। तकनीकी विश्लेषण एवं लगातार निगरानी के आधार पर संदिग्ध महिला, पुरुष एवं किशोर की पहचान कर उनके आवागमन का रूट ट्रैक किया गया। जांच के दौरान आरोपियों की लोकेशन शिवपुरी में मिलने पर जिला शिवपुरी पुलिस से समन्वय स्थापित किया गया। शिवपुरी पुलिस के सहयोग से आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया तथा अपहृत बालक सयान को सकुशल बरामद कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी –
पुलिस ने मामले में निजाम मंसूरी पिता कल्लू मोहम्मद (34), निवासी बंजारा मोहल्ला, अकलेरा, जिला झालावाड़ (राजस्थान), रुपाबाई पति दिनेश रेघर (32), निवासी एलन हॉस्पिटल के पास कच्ची बस्ती, झालावाड़ (राजस्थान) तथा एक विधि-विरुद्ध किशोर बालक को गिरफ्तार किया हैं।
मानव तस्करी सहित कई पहलुओं पर जांच –
पुलिस आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड लेने की तैयारी कर रही है। आरोपियों से बालक के अपहरण के उद्देश्य, संभावित मानव तस्करी नेटवर्क एवं गिरोह के अन्य सदस्यों के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
तकनीकी ट्रैकिंग में इनकी रही विशेष भूमिका –
मासूम को तलाशने में तकनीकी ट्रेकिंग की विशेष भूमिका रही, जिसमें उपनिरीक्षक जीवन बारिया, प्रधान आरक्षक मनमोहन शर्मा, प्रधान आरक्षक हिम्मत सिंह, आरक्षक विपुल भावसार एवं आरक्षक तुषार सिसोदिया ने तकनीकी विश्लेषण और आरोपियों की ट्रैकिंग में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पूरी पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका –
इस उल्लेखनीय कार्रवाई में नगर पुलिस अधीक्षक युवराज सिंह चौहान, थाना प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र निरीक्षक प्रकाश गाडरिया, थाना प्रभारी जावरा शहर निरीक्षक दीपक मंडलोई, उपनिरीक्षक कन्हैया अवास्या, उपनिरीक्षक प्रतापसिंह भदौरिया, उपनिरीक्षक राजा तिवारी (सीसीटीवी शाखा), सहायक उपनिरीक्षक नरेश पाण्डेय, प्रधान आरक्षक संजय आंजना, प्रधान आरक्षक धीरेन्द्र सिंह, प्रधान आरक्षक हिमांशु, आरक्षक अभिषेक पाठक एवं आरक्षक ललित जगावत की सराहनीय भूमिका रही।


