जावरा। ढोढर क्षेत्र में स्कूल बच्चों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर लापरवाही उजागर हुई है। बड़ावदा के बाद अब ग्राम चिकलाना के पास संस्कार पब्लिक स्कूल की बच्चों से भरी मैजिक वाहन पलट गई। हैरानी की बात यह है कि यह स्कूल ढोढर क्षेत्र के एक भाजपा नेता व पूर्व मंडल अध्यक्ष से जुड़ा बताया जा रहा है, इसके बावजूद सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है।
हादसे में शिक्षिका सहित कई बच्चे घायल –
हादसे में स्कूल की शिक्षिका सरिता बग्गड सहित कई बच्चे घायल हुए हैं, जिनमें से कई बच्चों को गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायलों को ग्रामीणों की मदद से ढोढर के निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद कुछ बच्चों को जावरा रेफर किया गया। घायल बच्चों में जयवर्धन सिंह, अंकिता धाकड़, अभिनव धाकड़, यशस्वी सूर्यवंशी, तेसीम मंसूरी व रेहाना मंसूरी शामिल हैं।
ओवरस्पीड बनी दुर्घटना की वजह –
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मैजिक वाहन तेज रफ्तार में था, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन पलट गया। बताया जा रहा है कि स्कूल चिकलाना में ही स्थित है और बच्चों को इसी वाहन से रोजाना लाया-ले जाया जाता है। हादसा होते ही घटना स्थल के समीप मौजुद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बच्चों को वाहन से निकाला, कुछ बच्चों को कांच तोड़कर निकालना पड़ा। बहरहाल घायल बच्चों को पहले ढोढर में प्राथमिक उपचार के लिए भेजा गया। जहां से जावरा रैफर कर दिया गया।
न नियमों की परवाह, न जिम्मेदारी –
लगातार हो रहे हादसों के बावजूद न स्कूल प्रबंधन चेत रहा है और न ही ट्रैफिक अमला। कई निजी स्कूलों के पास अपने पंजीकृत वाहन तक नहीं हैं, वहीं बिना फिटनेस, बिना स्पीड गवर्नर और बिना मानकों के वाहन खुलेआम सड़कों पर दौड़ रहे हैं।
राजनीतिक रसूख के आगे नियम बेबस ?
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब स्कूल एक भाजपा नेता और पूर्व मंडल अध्यक्ष से जुड़ा है, तो क्या राजनीतिक रसूख के चलते कार्रवाई से बचा जा रहा है ? क्या बच्चों की जान से बड़ा कोई दबाव है, या फिर प्रशासन अब ठोस कदम उठाएगा—यह देखना बाकी है।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

