जावरा। अन्तराष्ट्रीय खिलाड़ी हरेंद्र सिंह तोमर के भारतीय सीनियर दल में चयन होने के बाद खेल गुरु वी.पी. रिछारिया सर का जावरा नगर में प्रथम आगमन पर तोमर परिवार द्वारा उनका निवास पर सम्मान किया गया। हरेन्द्र सिंह तोमर ने बताया कि आज जो भी उपलब्धि खेल में मैंने प्राप्त की उसमें हमारे खेल गुरु वी.पी.रिछारिया एवं भारतीय बास्केटबॉल संघ के महासचिव कुलविंदर सिंह गिल के मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद से ही संभव हुआ है। वी.पी. रिछारिया ने मध्यप्रदेश बास्केटबॉल को नई ऊंचाइयों तक पहुचाने में सम्पूर्ण जीवन मेहनत की। खेल गुरु रिछारिया राष्ट्रीय एवं भारतीय बास्केटबॉल दल की विभिन्न कमेटी में रह चुके है। हाल ही में रिछारिया सर को मध्यप्रदेश बास्केटबॉल संघ का लाइफटाइम प्रेसिडेंट भी नियुक्त किया गया है। मध्य प्रदेश बास्केटबॉल संघ को स्थापित करने में रिछारिया सर का काफी बड़ा योगदान है। रिछारिया सर ने कई बड़ी प्रतियोगिताएं जावरा में आयोजित करवाई है। जिसमे प्री एशियन जैसी बड़ी प्रतियोगिता भी शामिल है। रिछारिया सर ने कई खिलाडिय़ों को इस खेल का हुनर सिखाया है। संभवत: हरेंद्र सिंह तोमर इस ग्राउंड की नई पीढ़ी है।


