जावरा। शहर से लगे गांव भीमाखेड़ी स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर पर अयोध्या में हुई श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर विभिन्न धार्मिक आयोजन किए गए। मंदिर समिति के अशोक जैन आंटिया के मार्गदर्शन में सोमवार को सुबह भीमाखेडी फाटक स्थित श्रीराम मंदिर से भव्य चलसमारोह निकाला गया। हनुमान भक्त मंडल और नवयुवक मंडल द्वारा निकाले गए चल समारोह में बड़ी संख्या में महिलाएं व पुरुष शामिल रहे। भीमाखेड़ी फाटक से शुरु हुआ चल समारोह भीमाखेड़ी स्थित हनुमान मंदिर पर समाप्त हुआ। जहां बालाजी महाराज को 56 भोग प्रसादी का भोग लगाया गया, बालाजी महाराज की महाआरती के साथ प्रसादी का वितरण किया गया।


