– नपा सभागृह में सीएसपी और नायब तहसीलदार ने ली गरबा मंडलों की बैठक
– चुनाव लडऩे वाले प्रत्याशी को छोड़कर बाकी नेता समाजसेवी बनकर जा सकेंगे आयोजन में
– ध्वनि विस्ताक यंत्र और सांस्कृ़तिक आयोजन के लिए लेना होगी विधिवत अनुमति
– शिकायत मिलने पर कार्रवाई करेगा अमला
जावरा। आगामी 15 अक्टुबर से शक्ति की भक्ति का पर्व नवरात्र प्रारंभ हो रहा है, जो कि इस बार चुनावी आचार संहिता के साये में मनेगा। त्यौहार को लेकर शहर भर के गरबा मंडलों में तैयारियां अंतिम दौर में पहुंच गई है, साधिकाओं द्वारा गरबों की प्रेक्टिस की जा रही है, बाजार में विद्युत सज्जा की जा रही है, इधर चुनावी आचार संहिता के चलते इस बार प्रशासन ने गरबों तथा अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए रात 10 बजे तक की समय सीमा तय कर दी है। समय सीमा और अन्य चीजों को लेकर गुरुवार को नपा सभागृह में सीएसपी दुर्गेश आर्मो ने शहर के समस्त गरबा मंडलों की बैठक आयोजित की।
शाम करीब 5 बजे नगर पालिका सभागृह में गरबा मंडलों की बैठक हुई जिसमें एसडीओपी शक्तिसिंह चौहान, नायब तहसीलदार प्रशांत जैन, सीएमओ दुर्गा बामनिया, शहर थाना प्रभारी हरीश जेजुरकर के साथ शहर के सभी गरबा मंडलों के सदस्य तथा शहर के डीजे संचालक व प्रचार प्रसार करने वाले एलांउसर भी मौजुद रहे। बैठक में सीएसपी दुर्गेश आर्मो ने बताया कि नवरात्र का त्यौहार आचार संहिता का पालन करते हुए मनाए, हालाकि गरबों से लेकर किसी प्रकार के सांस्कृतिक आयोजनों पर किसी प्रकार की कोई रोक टोक नहीं है, सभी तरह के आयोजन रात 10 बजे तक निपटाना होंगे। इस बीच यदि कोई शिकायत करता है, तो पुलिस व प्रशासन को आचार संहिता का पालन करते हुए कार्रवाई करना होगी।
नेता नहीं समाजसेवी चलेंगे –
आचार संहिता के बीच नवरात्र के त्यौहार में चुनाव लडऩे वाले प्रत्याशी स्वयं किसी भी मंदिर, पांडाल या गरबा मंडल में अतिथि के रुप में शामिल होने के बजाय आम आदमी की तरह शामिल हो सकते है, वे वहां किसी भी प्रकार का चुनाव प्रचार या वोट की मांग नहीं कर सकते है, यदि वे ऐसा करते है तो उन पर आचार संहिता उल्लघन को लेकर कार्रवाई होगी साथ ही उस आयोजन का समस्त खर्च प्रत्याशी के चुनाव खर्च में जोड़ दिया जाएगा। वहीं प्रत्याशी के अलावा शहर के अन्य नेताओं को भी अब नेता के बजाय समाजसेवी बनकर ही गरबा मंडलों में शिरकत करना होगी। वे भी अपने साथ किसी प्रकार का चुवानी पोस्टर, बैनर, बेच आदि लेकर शामिल नहीं हो सकेंगे।


