– खनन से क्षतिग्रस्त ग्रामीण सड़कों की डीएमएफ मद से होगी मरम्मत, मंडियों में किसानों की परेशानी पर जताई नाराजगी
जावरा/रतलाम। कलेक्टर अजय कटेसरिया ने साप्ताहिक अंतरविभागीय समीक्षा बैठक में शिक्षा विभाग की लापरवाही पर सख्त रुख अपनाते हुए रिंगनोद के प्राचार्य के विरुद्ध विभागीय जांच प्रारंभ करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, पुस्तक वितरण में लापरवाही की समय पर निगरानी नहीं करने वाले संबंधित विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) के विरुद्ध कार्रवाई का प्रस्ताव कमिश्नर को भेजने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी गलत कार्य का समर्थन नहीं किया जाए तथा अनियमितताओं के मामलों में तत्काल उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
खनन से क्षतिग्रस्त सड़कों की होगी मरम्मत –
बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में खनन गतिविधियों के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों का मुद्दा भी उठा। कलेक्टर ने जिला खनिज प्रतिष्ठान (डीएमएफ) मद से इन सड़कों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। इसके लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिकारियों को आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर भेजने को कहा।
मंडियों में किसानों को नहीं हो परेशानी –
कलेक्टर ने मंडियों में किसानों को हो रही असुविधाओं पर नाराजगी जताते हुए मंडी सचिव को निर्देश दिए कि किसानों की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए। मंडियों में किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और शिकायतों पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए। बैठक में डीएफओ अनुभा सिंह, जिला पंचायत सीईओ वैशाली जैन, अपर कलेक्टर बृजेंद्र रावत सहित विभिन्न विभागों के जिलाधिकारी उपस्थित रहे।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

