– रतलाम पुलिस कर रही 100 करोड़ से अधिक की सम्पत्तियों को फ्रीज करने की कार्रवाई
जावरा/रतलाम। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ रतलाम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना रिंगनोद क्षेत्र के ग्राम ढोढर निवासी डोडाचूरा तस्कर विवेक पोरवाल की करीब 8 करोड़ 90 लाख रुपए मूल्य की संपत्ति फ्रीज करने के आदेश कन्फर्म करवा दिए हैं। मुंबई स्थित सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक(SAFEMA/NDPSAh) ने 11 नवंबर 2026 को NDPS एक्ट की धारा 68F(2) के तहत संपत्ति फ्रीज करने की कार्रवाई की पुष्टि की है।
आरोपी विवेक पोरवाल को 23 सितंबर 2022 को करीब 1900 किलोग्राम डोडाचूरा (पॉपी स्ट्रॉ) की जब्ती के मामले में गिरफ्तार किया गया था। प्रकरण क्रमांक 172/2022 में NDPS एक्ट की धारा 8/15 के तहत कार्रवाई की गई थी। इस मामले में विशेष न्यायाधीश (NDPS), ग्वालियर ने 24 मार्च 2026 को आरोपी को 14 वर्ष के सश्रम कारावास और एक लाख रुपए के जुर्माने की सजा सुनाई थी। पुलिस ने तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों को चिह्नित कर उन्हें फ्रीज कराने के लिए SAFEMA के तहत वैधानिक कार्रवाई की थी। अब सक्षम प्राधिकारी की पुष्टि के बाद आरोपी की करोड़ों की संपत्ति पर शिकंजा कस गया है।
इन संपत्तियों पर चला कार्रवाई का शिकंजा –
फ्रीज की गई संपत्तियों में ग्राम ढोढर से संबंधित विभिन्न सर्वे नंबरों की कृषि भूमि शामिल है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 7 करोड़ 50 लाख रुपए बताई गई है। इसके अलावा एक करोड़ रुपए मूल्य का आवासीय भूखंड क्रमांक 334 भी शामिल है। पुलिस के अनुसार, तीनों संपत्तियों का कुल मूल्य 8 करोड़ 90 लाख रुपए है।
100 करोड़ से अधिक की संपत्तियों पर कार्रवाई की तैयारी –
रतलाम पुलिस के अनुसार, मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों के विरुद्ध अभियान के तहत अब तक 100 करोड़ रुपए से अधिक मूल्य की संपत्तियों को फ्रीज कराने के लिए SAFEMA कोर्ट में प्रकरण भेजे जा चुके हैं। इनमें से करीब 48 करोड़ 14 लाख रुपए मूल्य की संपत्तियों को फ्रीज करने के आदेश जारी हो चुके हैं। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन में चल रही इस कार्रवाई का उद्देश्य नशे के कारोबार से अर्जित काली कमाई के आर्थिक आधार को खत्म करना है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल अन्य आरोपियों की अवैध संपत्तियों को भी चिह्नित कर उनके विरुद्ध इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी।
इनकी रही सराहनीय भूमिका –
इस कार्रवाई में निरीक्षक जितेंद्र सिंह जादौन, सहायक उपनिरीक्षक दिनेश चंद्र नागर, प्रधान आरक्षक मनीषा पाटीदार एवं आरक्षक नरेंद्र सिंह की सराहनीय भूमिका रही।


Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

