– पिछले साल के मुकाबले बैराज में 2 फीट कम पानी, गर्मी में गहरा सकता है पेयजल संकट
– गिरते जलस्तर के बीच पानी के दुरुपयोग पर प्रशासन सख्त
जावरा। नगर की पेयजल व्यवस्था को लेकर एक बार फिर मलेनी बैराज का जलस्तर चिंता का विषय बन गया है। इस वर्ष कम बारिश के चलते पहले ही जलस्रोतों पर दबाव बढ़ गया है। ऐसे में मलेनी बैराज में संग्रहित पानी से अवैध रूप से सिंचाई किए जाने की शिकायत सामने आने के बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया है।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर अजय कटेसरिया ने ईई डब्ल्यूआरडी (जल संसाधन विभाग) को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। जानकारी के अनुसार, इस वर्ष अत्यंत कम वर्षा होने के कारण क्षेत्र में भू-जल स्तर में भी काफी गिरावट दर्ज की गई है। वर्तमान में मलेनी बैराज में पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 2 फीट कम पानी उपलब्ध है। बैराज का जलस्तर लगातार घट रहा है, जिससे आगामी दिनों में जावरा नगर की पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है।
अब क्या ठोस कदम उठाएगा प्रशासन –
ऐसे हालात में बैराज में संग्रहित पानी का उपयोग केवल आवश्यक जरूरतों के लिए सुनिश्चित करना जरूरी है। यदि इसी तरह पानी का अनधिकृत उपयोग और सिंचाई जारी रही तो आने वाले समय में नगरवासियों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ सकता है। अब देखना यह होगा कि जल संसाधन विभाग की जांच में अवैध सिंचाई की शिकायत कितनी सही पाई जाती है और बैराज के पानी को सुरक्षित रखने के लिए प्रशासन क्या ठोस कदम उठाता है।


Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

