– नायरा पेट्रोल पंप के पास कार्रवाई, 5.56 लाख की बीयर और हुंडई वरना कार जब्त; अंधेरे का फायदा उठाकर दो तस्कर फरार
जावरा/रिंगनोद। जिले में अवैध शराब के कारोबार और तस्करी के खिलाफ रतलाम पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में रिंगनोद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 204 बल्क लीटर बीयर और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही हुंडई वरना कार जब्त की है। जब्त मश्रुका की कुल अनुमानित कीमत 5 लाख 56 हजार बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर जिलेभर में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण विवेक कुमार लाल एवं एसडीओपी जावरा संदीप मालवीय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रिंगनोद निरीक्षक जितेन्द्रपाल सिंह जादौन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
डिक्की में मिली 17 पेटियां बीयर –
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नायरा पेट्रोल पंप के पास, बाछड़ा डेरा, ग्राम ढोढर क्षेत्र में अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर सफेद रंग की हुंडई वरना कार क्रमांक MP09CS0199 की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार की डिक्की से बेल माउंट बीयर की 17 पेटियां, कुल 204 बल्क लीटर बीयर बरामद हुई।
कार छोड़कर अंधेरे में फरार हुए आरोपी –
पुलिस कार्रवाई के दौरान कार में सवार चालक और उसका एक साथी कार को मौके पर छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। पुलिस ने बीयर और तस्करी में प्रयुक्त कार को जब्त कर लिया है। फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।
5.56 लाख का मश्रुका जब्त –
रिंगनोद थाना प्रभारी जितेन्द्रसिंह जादौन ने बताया कि पुलिस को कार की डिक्की से 17 पेटियां बेल माउंट बीयर — 204 बल्क लीटर, कीमत लगभग 56,000, हुंडई वरना कार MP09CS0199 कीमत लगभग 5,00,000 सहित कुल 5,56,000 लाख का मश्रुका जब्त किया हैं।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका –
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्रपाल सिंह, उनि शिवेन्द्र कुमार, प्र.आर. राधेश्याम चौहान, नरेन्द्र सिंह जगावत, आर. रविन्द्र सिंह, शोभाराम शर्मा, नरेन्द्र सिंह हाड़ा, प्रकाश भास्कर, अतुल दुबे, महिला आर. निशा दड़िंग एवं सैनिक छत्रपाल सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

