– ताल थाना पुलिस ने 10 लीटर अवैध कच्ची शराब के साथ आरोपी को पकड़ा
– पूछताछ में नागदा से चोरी की बाइक और कम्माखेड़ी से चोरी हुई बोलेरो पिकअप का खुलासा
ताल/जावरा। रतलाम जिले के ताल थाना पुलिस ने अवैध जहरीली कच्ची शराब की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी चोरी की बिना नंबर की मोटरसाइकिल से शराब की तस्करी कर रहा था। पुलिस पूछताछ में एक चोरी की महिंद्रा बोलेरो पिकअप भी बरामद की गई है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर जिले में वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने और अज्ञात आरोपियों की तलाश के लिए विशेष कार्रवाई की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण विवेक कुमार लाल एवं अनुविभागीय अधिकारी आलोट पल्लवी गौर के मार्गदर्शन में आलोट एवं जावरा ग्रामीण अनुभाग की संयुक्त टीम गठित की गई।
10 लीटर अवैध कच्ची शराब के साथ दबोचा –
पुलिस टीम ने 1 नवंबर को कार्रवाई करते हुए रामपाल उर्फ महिपाल उर्फ नेपालसिंह, निवासी ग्राम लाखाखेड़ी, थाना उन्हैल, जिला झालावाड़ (राजस्थान) को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 10 लीटर अवैध जहरीली कच्ची शराब और एक बिना नंबर की होंडा शाइन मोटरसाइकिल जब्त की गई। इस मामले में ताल थाने पर मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 49ए में प्रकरण दर्ज किया गया है।
पूछताछ में खुला चोरी की पिकअप का राज –
ताल थाना प्रभारी स्वराज डाबी ने बताया कि पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी से एक अन्य चोरी का वाहन भी बरामद किया गया। ग्राम कम्माखेड़ी से चोरी हुई महिंद्रा बोलेरो पिकअप क्रमांक MP13 GA 5716 को पुलिस ने आरोपी के कब्जे से जब्त कर लिया। यह वाहन चोरी का मामला ताल थाने में अपराध क्रमांक 579/26 के तहत दर्ज है।
नागदा से चोरी की बताई मोटरसाइकिल –
गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसके पास से जब्त होंडा शाइन मोटरसाइकिल नागदा से चोरी की गई थी। पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर उसके अन्य साथियों और वाहन चोरी की अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है। ताल पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब तस्करी और वाहन चोरी के मामलों में शामिल आरोपियों को कड़ा संदेश गया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर अन्य चोरी और उसके साथियों के संबंध में भी महत्वपूर्ण खुलासे की संभावना जता रही है।
इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका –
इस कार्रवाई में निरीक्षक स्वराज डाबी, उप निरीक्षक कांतिलाल सोनार्थी, सहायक उप निरीक्षक मदनसिंह डोडिया, प्रधान आरक्षक निकोलस लकड़ा सहित आरक्षक देवेंद्र कायस्थ, हरीशंकर, नितिन सक्सेना, निलेश शर्मा, बाबूलाल मालवीय, अंकित काला और दीपक पाटीदार का सराहनीय योगदान रहा।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

