– भारत विकास परिषद जावरा एवं सरदार पटेल हॉस्पिटल की संयुक्त पहल, चार माह से निरंतर जारी है स्वास्थ्य सेवा प्रकल्प
जावरा। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और जरूरतमंद लोगों को बेहतर चिकित्सा परामर्श दिलाने के उद्देश्य से भारत विकास परिषद जावरा द्वारा संचालित स्वास्थ्य सेवा प्रकल्प के अंतर्गत ग्राम पीर हिंगोरिया में नि:शुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। सरदार पटेल हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में वरिष्ठ चिकित्सकों ने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया तथा नि:शुल्क दवाइयों का वितरण किया।
गंभीर मरीजों को आयुष्मान योजना की जानकारी –
आयोजित शिविर में अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सकों एवं चिकित्सा टीम ने ग्रामीणों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जांच की। वहीं गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को आगे के उपचार के लिए मार्गदर्शन देने के साथ आयुष्मान भारत योजना की जानकारी भी दी गई। योजना के पात्र हितग्राहियों को ?5 लाख तक के उपचार का लाभ दिलाने में संस्था द्वारा सहयोग किया जा रहा है।
चार माह से लगातार जारी है सेवा अभियान –
संस्था अध्यक्ष शेखर नाहर ने बताया कि भारत विकास परिषद जावरा द्वारा सरदार पटेल हॉस्पिटल के सहयोग से यह नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर अभियान पिछले चार माह से निरंतर संचालित किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाना और जरूरतमंद लोगों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है।
संस्था पदाधिकारी एवं अस्पताल प्रबंधन रहे मौजूद –
शिविर में भारत विकास परिषद के अध्यक्ष शेखर नाहर, सचिव गोपाल सेठिया एवं कोषाध्यक्ष निलेश जोशी उपस्थित रहे। वहीं सरदार पटेल हॉस्पिटल प्रबंधन की ओर से विकास जायसवाल, प्रेम बनोपा सहित अस्पताल के अन्य सदस्य मौजूद रहे। संस्था अध्यक्ष ने बताया कि स्वास्थ्य सेवा प्रकल्प के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के शिविरों का आयोजन आगे भी जारी रहेगा, ताकि आमजन को नि:शुल्क स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी मिल सके।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

