– चार महिला आरोपियों से पूछताछ में सामने आया नाम, गोपाल मालवीय को गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड पर लिया
रतलाम/आलोट। रतलाम जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में आलोट पुलिस ने 60 किलो 750 ग्राम डोडाचूरा जब्ती के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पूछताछ के आधार पर कार्रवाई करते हुए गोपाल पिता भग्गा जी मालवीय, निवासी पिपलिया पीथा को गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस को पूछताछ के लिए रिमांड मिला है।
खेतों के कच्चे रास्ते पर पकड़ी गई थीं चार महिलाएं –
पुलिस के अनुसार, 26 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिलने पर थाना आलोट पुलिस ने ग्राम पिपलिया सिसोदिया स्थित खेतों के कच्चे रास्ते पर कार्रवाई की थी। इस दौरान चार महिला आरोपियों—रेवा, ललिता, रमिला और सन्नु—के कब्जे से कुल 60 किलो 750 ग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा जब्त किया गया था। इस मामले में थाना आलोट पर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
पूछताछ में सामने आया गोपाल मालवीय का नाम –
विवेचना के दौरान गिरफ्तार महिला आरोपियों से पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में जब्त डोडाचूरा गोपाल पिता भग्गा जी मालवीय, निवासी पिपलिया पीथा से प्राप्त करना बताया गया। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 50 वर्षीय गोपाल मालवीय को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से पुलिस रिमांड प्राप्त हुआ है। अब पुलिस आरोपी से डोडाचूरा के संबंध में पूछताछ कर रही है और मामले के अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है।
इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका –
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक योगेश पाटीदार, उपनिरीक्षक आर.सी. खडिय़ा, आरक्षक अभिनन्दन, शुभम भाटी, सुरेन्द्र सिंह की सराहनीय भूमिका रही।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
