– स्कूल-कॉलेजों के आसपास नशे की बिक्री रोकने के लिए विशेष निगरानी पर जोर।
– नारकोटिक्स की रोकथाम के लिए जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में निर्देश
– रतलाम में नशे के नेटवर्क पर शिकंजे की तैयारी, संदिग्ध ठिकानों से वाहनों तक होगी जांच
रतलाम। जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने निगरानी बढ़ाने और लगातार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। नए हॉटस्पॉट चिह्नित करने के साथ बसों, संदिग्ध वाहनों और ढाबों की नियमित जांच की जाएगी। स्कूल-कॉलेजों के आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए भी विशेष निगरानी रखी जाएगी।
जिला स्तरीय बैठक में बनी कार्रवाई की रणनीति –
बुधवार को आयोजित जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में नारकोटिक्स एवं अन्य नशीले पदार्थों की रोकथाम और विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर चर्चा की गई। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट संजय शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
नए हॉटस्पॉट पर रहेगी नजर –
अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़े नए संभावित हॉटस्पॉट चिह्नित कर वहां लगातार निगरानी और कार्रवाई की जाए। बसों की नियमित चेकिंग के साथ वाहनों के टायरों एवं अन्य संदिग्ध स्थानों की भी जांच करने को कहा गया।
ढाबों और अवैध शराब पर भी कार्रवाई –
आबकारी विभाग को नकली एवं अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए गए। ढाबों की नियमित जांच करने के साथ वहां होने वाले आवागमन और डायवर्जन की प्रभावी जांच सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। वहीं, आरटीओ विभाग को चेक पॉइंट पर वाहनों की नियमित एवं प्रभावी जांच करने के निर्देश दिए गए।
स्कूल-कॉलेजों के आसपास विशेष निगरानी –
बैठक में शैक्षणिक संस्थानों के आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री और उपलब्धता रोकने के लिए विशेष निगरानी रखने को कहा गया। संबंधित विभागों को प्राप्त प्रतिवेदनों का परीक्षण कर आवश्यक सुझाव देने और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
आपसी समन्वय से होगी कार्रवाई –
प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और नशीले पदार्थों की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। अब निगरानी, नियमित जांच और चिन्हित हॉटस्पॉट पर कार्रवाई के जरिए जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

